Aaj Ka Mausam: मौसम के लिहाज से आने वाले दिन देश के अधिकांश हिस्सों के लिए राहत भरे साबित हो सकते हैं. उत्तर भारत से लेकर दक्षिण और पूर्वोत्तर तक तापमान में गिरावट के संकेत हैं, जिससे लू और भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलेगी. मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और कश्मीर के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में तेज हवाओं, बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना है. इसके असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी आंधी-बारिश की गतिविधियां बढ़ेंगी और तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है.
यूपी में आज कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर प्रदेश में पिछले दो दिनों से हल्की मौसमी गतिविधियों के कारण तापमान में गिरावट आई है, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली है. हालांकि, कुछ जगहों पर तेज बारिश, आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं से नुकसान भी हुआ है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 4 मई के आसपास पश्चिमी विक्षोभ का असर फिर से तेज होगा, जिससे अधिकांश जिलों में धूल भरी आंधी, तेज बारिश, ओले और वज्रपात का खतरा बढ़ सकता है. इससे तापमान में 5 से 6 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है और कई जगहों पर अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे पहुंच सकता है.
‘देसी घी का शहर’ कहलाता यूपी का ये जिला, जहां मिलते शुद्ध देसी घी!
बिहार में कब होगी बारिश?
बिहार में हाल के दिनों में भीषण गर्मी ने लोगों को परेशान किया, लेकिन अब मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में हल्की बारिश और मेघगर्जन की गतिविधियां जारी हैं, जो 3 मई तक रुक-रुक कर जारी रह सकती हैं. पटना, मधुबनी, मुजफ्फरपुर, पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, समस्तीपुर, सीतामढ़ी, दरभंगा, बेगूसराय और छपरा समेत 30 से अधिक जिलों में येलो अलर्ट जारी है. इस दौरान 40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने और ठनका गिरने की चेतावनी दी गई है.
दिल्ली-एनसीआर में वीकेंड का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में पिछले 24 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में करीब 4 डिग्री की कमी आई है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले सप्ताह तक बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और 4-5 मई को आंधी-बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं. वीकेंड पर मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन तापमान 35 से 36 डिग्री के बीच रह सकता है. इस बीच बारिश और हवाओं के कारण वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया है.
राजस्थान का मौसम कैसा रहेगा?
राजस्थान में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली है, जिससे मौसम सुहावना हो गया है. मौसम विभाग ने 1 से 6 मई के बीच राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया है. जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, बीकानेर और उदयपुर संभाग में बारिश की संभावना है.
शनिवार के लिए जयपुर, अजमेर, अलवर, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर, भरतपुर, दौसा, डीग, धौलपुर, सीकर, टोंक, बाड़मेर, झुंझुनूं, करौली, सवाई माधोपुर, हनुमानगढ़, बीकानेर, चूरू, फलौदी और श्रीगंगानगर में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं, आंधी और बिजली गिरने का खतरा है. हालांकि, बारिश के बाद भी तापमान में ज्यादा गिरावट नहीं आई है, लेकिन लू से राहत जरूर मिलेगी.
उत्तराखंड में वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का असर
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम लगातार बदला हुआ है. पिछले 72 घंटों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे पहाड़ी क्षेत्रों में ठंडक बढ़ गई है. मौसम विभाग ने 5 मई तक बागेश्वर, पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, टिहरी, देहरादून, पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल और चंपावत में बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है.
हिमाचल प्रदेश में मौसम का हाल
हिमाचल प्रदेश में भी पश्चिमी विक्षोभ का असर जारी है. कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि से तापमान में गिरावट आई है और ठंडक बढ़ी है. शिमला, सिरमौर, सोलन, चंबा, कांगड़ा और कुल्लू में अगले 72 घंटे के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के अनुसार, अगले 6 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी. 3 मई को लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर अन्य जिलों में तेज तूफान और बारिश हो सकती है.
पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून की सक्रियता
पूर्वोत्तर भारत में प्री-मानसून गतिविधियां जोरों पर हैं. असम, अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, नागालैंड, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा और सिक्किम में तेज आंधी-तूफान और भारी बारिश का अलर्ट है. कई जगहों पर 60 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में रेड अलर्ट भी जारी किया गया है. लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
दक्षिण भारत में तूफानी बारिश का अलर्ट
दक्षिण भारत में भी मौसम ने करवट ली है. केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 2 से 4 मई के बीच तेज हवाओं और भारी बारिश का पूर्वानुमान है. एक कमजोर चक्रवाती परिसंचरण के कारण इन राज्यों में तूफानी गतिविधियां बढ़ सकती हैं. हालांकि, महाराष्ट्र और गुजरात के कुछ हिस्सों को छोड़कर कई इलाकों में गर्मी का असर जारी रहेगा.
अब मनमानी नहीं चलेगी! दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर लेन ड्राइविंग सख्त, नियम तोड़ते ही ऑनलाइन चालान
कहां पड़ रही ज्यादा गर्मी?
देश के कई हिस्सों में तापमान अभी भी ऊंचा बना हुआ है. खासकर दक्षिण भारत, गुजरात, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, झारखंड और पश्चिम बंगाल में गर्मी का असर देखने को मिल रहा है. हालांकि, मौसमी गतिविधियों के कारण कई क्षेत्रों में लू से राहत मिली है. आने वाले दिनों में कुछ राज्यों में फिर से लू और तेज गर्मी का असर बढ़ सकता है.
देशभर में मौसम लगातार बदल रहा है और अगले कुछ दिन आंधी, बारिश और तापमान में उतार-चढ़ाव के साथ गुजरने वाले हैं.


