Daily Protein Intake Guidelines: आज के समय में फिटनेस और हेल्थ को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ रही है. इसके साथ ही प्रोटीन पाउडर का इस्तेमाल भी काफी आम हो गया है. जिम जाने वाले युवा हों या वजन कम करने की कोशिश कर रहे लोग, बड़ी संख्या में लोग अपनी डेली डाइट में प्रोटीन सप्लीमेंट्स शामिल कर रहे हैं. ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यही उठता है कि क्या हर दिन प्रोटीन पाउडर का सेवन करना सेहत के लिए सुरक्षित है?
EPFO Alert: आपकी कंपनी जमा कर रही है या नहीं PF? घर बैठे करें पता
मैक्स सुपर स्पेशेलिटी हॉस्पिटल, वैशाली के नेफ्रोलॉजी विभाग के डायरेक्टर प्रो. (डॉ.) विशाल सिंह के मुताबिक, इसका कोई एक तय जवाब नहीं है. उनका कहना है कि रोजाना प्रोटीन पाउडर लेना सही है या नहीं, यह व्यक्ति की उम्र, शारीरिक जरूरत, लाइफस्टाइल और मेडिकल कंडीशन पर निर्भर करता है.
शरीर के लिए क्यों जरूरी है प्रोटीन?
प्रोटीन शरीर के लिए बेहद जरूरी पोषक तत्व माना जाता है. यह मांसपेशियों की मरम्मत करने, इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने, हार्मोन तैयार करने और नई कोशिकाओं के निर्माण में अहम भूमिका निभाता है.
आमतौर पर एक स्वस्थ व्यक्ति को उसके शरीर के प्रति किलोग्राम वजन पर लगभग 0.8 से 1 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है. हालांकि जो लोग नियमित रूप से वर्कआउट, स्ट्रेंथ ट्रेनिंग या स्पोर्ट्स एक्टिविटी करते हैं, उन्हें सामान्य लोगों की तुलना में ज्यादा प्रोटीन की जरूरत पड़ सकती है. इसके अलावा किसी बीमारी से उबर रहे लोगों और बुजुर्गों को भी अतिरिक्त प्रोटीन की आवश्यकता हो सकती है ताकि मांसपेशियों की कमजोरी से बचा जा सके.
अगर कोई व्यक्ति अपनी रोजमर्रा की डाइट जैसे दाल, दूध, दही, अंडे, पनीर, मछली या चिकन से पर्याप्त प्रोटीन नहीं ले पाता, तो प्रोटीन पाउडर उसके लिए एक उपयोगी सप्लीमेंट साबित हो सकता है.
ज्यादा प्रोटीन पाउडर लेने के क्या हो सकते हैं नुकसान?
विशेषज्ञों के अनुसार, जरूरत से ज्यादा प्रोटीन पाउडर लेना शरीर के लिए नुकसानदेह हो सकता है. कई लोग जल्दी बॉडी बनाने या तेजी से वजन घटाने के चक्कर में अत्यधिक मात्रा में प्रोटीन सप्लीमेंट लेने लगते हैं. इससे पेट फूलना, कब्ज, एसिडिटी और डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं.
कुछ मामलों में ज्यादा प्रोटीन का सेवन किडनी पर अतिरिक्त दबाव डाल सकता है, खासकर उन लोगों में जो पहले से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हों. इसके अलावा बाजार में मिलने वाले सभी प्रोटीन पाउडर अच्छी क्वालिटी के नहीं होते. कई प्रोडक्ट्स में जरूरत से ज्यादा शुगर और आर्टिफिशियल फ्लेवर मिलाए जाते हैं, जो सेहत को नुकसान पहुंचा सकते हैं.
सप्लीमेंट लेने से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूरी
डॉक्टरों का कहना है कि किसी भी प्रोटीन सप्लीमेंट को शुरू करने से पहले डॉक्टर या न्यूट्रिशन एक्सपर्ट की सलाह जरूर लेनी चाहिए. सही मात्रा और सही प्रोडक्ट का चुनाव व्यक्ति की जरूरत के अनुसार ही होना चाहिए.
जहां सांस लेना मुश्किल, वहां BSF की बेटियों ने गाया ‘वंदे मातरम’ और रचा इतिहास
फिटनेस का कोई शॉर्टकट नहीं
विशेषज्ञ इस बात पर जोर देते हैं कि प्रोटीन पाउडर फिटनेस का कोई जादुई उपाय नहीं है. इसका सही फायदा तभी मिलता है जब इसे संतुलित डाइट, पर्याप्त पानी, नियमित एक्सरसाइज और अच्छी नींद के साथ लिया जाए. केवल सप्लीमेंट के भरोसे बेहतर फिटनेस हासिल नहीं की जा सकती.
aa

