Aaj Ka Mausam: देशभर में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम विभाग ने राहत भरी खबर दी है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, बिहार, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड समेत 11 राज्यों में तेज आंधी, तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार अगले 15 घंटों के भीतर कई राज्यों में मौसम तेजी से बदल सकता है.
पश्चिमी विक्षोभ और प्री-मानसून गतिविधियों के सक्रिय होने से उत्तर भारत से लेकर पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत तक कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि 28 मई से कई राज्यों के तापमान में गिरावट दर्ज होगी, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिल सकती है.
Karnataka में फिर तेज हुई CM Change की चर्चा
इसके साथ ही अगले 48 घंटों में केरल में मानसून पहुंचने की आधिकारिक घोषणा भी की जा सकती है. हालांकि मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि इस बार अल नीनो के प्रभाव के कारण मानसून सामान्य से कमजोर रह सकता है.
इन राज्यों में बारिश और तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार जिन राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है उनमें उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और केरल शामिल हैं. कई इलाकों में ओलावृष्टि और बिजली गिरने की चेतावनी भी जारी की गई है.
दिल्ली-NCR में 28 मई से बदलेगा मौसम
दिल्ली-एनसीआर में फिलहाल लोगों को तेज गर्मी और लू का सामना करना पड़ेगा. मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तापमान ऊंचा बना रहेगा, लेकिन 28 मई से मौसम करवट लेगा. 28 से 31 मई के बीच दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है. इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और धूल भरी आंधी चल सकती है. मौसम विभाग का कहना है कि 29 मई को राजधानी के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है.
उत्तर प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि की संभावना
उत्तर प्रदेश में 28 से 31 मई के बीच मौसम सक्रिय रहेगा. वाराणसी, लखनऊ, प्रयागराज, गोरखपुर और कानपुर समेत कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश होने के आसार हैं. मौसम विभाग ने 29 मई को कई जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई है. इससे तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को तपिश से राहत मिल सकती है.
बिहार में भारी बारिश का अलर्ट
बिहार के कई जिलों में 28 और 29 मई के दौरान मौसम खराब रहने का अनुमान है. कटिहार, पूर्णिया और पूर्वी चंपारण समेत कई इलाकों में भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि कुछ इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके साथ ही ओलावृष्टि और बिजली गिरने का भी खतरा बना हुआ है.
राजस्थान में ऑरेंज अलर्ट जारी
राजस्थान में भी मौसम तेजी से बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 27 और 28 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. एक नए पश्चिमी विक्षोभ के असर से 28 मई से राज्य के कई हिस्सों में आंधी और बारिश शुरू हो सकती है. 29 से 31 मई के बीच जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभागों में तेज हवाएं, धूल भरी आंधी और कहीं-कहीं बारिश की संभावना है. हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है.
महाराष्ट्र में रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट
महाराष्ट्र के कई जिलों में मौसम विभाग ने रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार 29 मई से राज्य में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा. 29 और 30 मई के दौरान विदर्भ क्षेत्र के कुछ हिस्सों में तेज हवाएं चल सकती हैं. इसके अलावा बिजली गिरने की भी संभावना जताई गई है. मौसम में बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.
हिमाचल और उत्तराखंड में मौसम होगा खराब
हिमाचल प्रदेश के शिमला, मंडी, कुल्लू और कांगड़ा समेत कई जिलों में 29 मई तक गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं.
वहीं उत्तराखंड में 28 से 30 मई के बीच बारिश और तेज आंधी की संभावना जताई गई है. चमोली, पंतनगर, रानीखेत और चंपावत जैसे इलाकों में मौसम विभाग ने ओलावृष्टि की चेतावनी भी जारी की है.
Noida में जल्द शुरू होगी नई e-City Bus Service
जम्मू-कश्मीर में भी बदलेगा मौसम
जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर, रामबन, पुंछ और पहाड़ी क्षेत्रों में 28 से 30 मई के दौरान हल्की से मध्यम बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है. कई इलाकों में तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि का भी खतरा बना हुआ है.
मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, सुरक्षित स्थानों पर रहने और बिजली गिरने की घटनाओं से बचने की सलाह दी है.


