Hathras Love Jihad Case: उत्तर प्रदेश में धर्म परिवर्तन और पहचान छिपाकर शादी करने का एक और गंभीर मामला सामने आया है. हाथरस में एक मुस्लिम युवक ने खुद को ‘साहब सिंह चौहान’ बताकर हिंदू युवती को अपने प्रेम जाल में फंसाया और कोर्ट मैरिज कर ली. दिल्ली में रहने के दौरान जब युवती को पति के साजिद होने का पता चला, तो विरोध करने पर उसका उत्पीड़न शुरू हो गया. वहीं दूसरी तरफ, बरेली में एक मुस्लिम युवती ने सनातन धर्म अपनाकर हिंदू युवक से शादी कर ली है.
नाम बदलकर धोखा, ससुराल में उत्पीड़न
पीड़िता का आरोप है कि उसकी मुलाकात नवीपुर निवासी एक युवक से हुई थी, जिसने अपना नाम साहब सिंह चौहान बताया था. दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली. शादी के बाद दोनों दिल्ली में रहने लगे. युवती का कहना है कि कुछ समय बाद उसे पता चला कि उसके पति का वास्तविक नाम साजिद है और वह मुस्लिम समुदाय से संबंध रखता है. इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया. पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया गया.
जबरन बुर्का और मांस खिलाने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि पति उसे अपने गांव नवीपुर स्थित घर ले गया, जहां ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने भी उसके साथ दुर्व्यवहार किया. उसने यह भी आरोप लगाया कि उस पर बुर्का पहनने और मांसाहार करने का दबाव बनाया गया. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस की कार्रवाई
पीड़िता के मुताबिक, गुरुवार सुबह पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे सादाबाद गेट क्षेत्र में छोड़कर फरार हो गया. इसके बाद उसने पुलिस से शिकायत की. कोतवाली सदर प्रभारी सतेंद्र राघव ने बताया कि युवती की तहरीर के आधार पर पति सहित छह लोगों के खिलाफ मारपीट और उत्पीड़न की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.
बरेली में युवती ने सनातन रीति से किया विवाह
वहीं बरेली जिले में एक अलग मामले में शीशगढ़ थाना क्षेत्र के जाफरपुर गांव की महजबीन नामक युवती ने मीरगंज क्षेत्र के बल्ली गांव निवासी विशाल के साथ सनातन रीति-रिवाज से विवाह किया. विवाह के बाद युवती ने अपना नाम लक्ष्मी रखने की घोषणा की.
मुजफ्फरनगर के गुड़ को मिला GI टैग, किसानों और कारोबारियों के लिए खुलेंगे नए अवसर
जानकारी के अनुसार, दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे. परिवार की सहमति न मिलने पर दोनों ने साथ जीवन बिताने का निर्णय लिया. गुरुवार को अगस्त्य मुनि आश्रम में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच दोनों का विवाह संपन्न कराया गया. विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने नवदंपति को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया.


