Hapur Married Woman Death: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां शादी के महज 30 दिन बाद ही एक नवविवाहिता की डोली, अर्थी में तब्दील हो गई. आरोप है कि दहेज के लालचियों ने सोनम नाम की महिला के अरमानों का गला घोंटते हुए उसकी बेरहमी से बलि चढ़ा दी. एक महीने पहले जिस घर में शहनाइयां गूंज रही थीं, आज वहां मौत का मातम पसरा हुआ है.
मौत या मर्डर? सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस, आखिर कब्र से निकाला गया किशोरी का शव
बुलेट और सोने की चेन के लिए उत्पीड़न का आरोप
जानकारी के अनुसार, हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के जसरूपनगर की रहने वाली सोनम की शादी बीते 6 मई को देहात क्षेत्र के मोहल्ला गिरधारीनगर निवासी आकाश के साथ हुई थी. परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज में एक बुलेट मोटरसाइकिल और सोने की चेन की मांग को लेकर सोनम को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे.
भाई को मिली थी जान से मारने की धमकी
मृतका के भाई आशीष ने बताया कि घटना से पहले उसकी बहन सोनम का फोन आया था कि ससुराल के लोग उसे प्रताड़ित कर रहे हैं और जान से मारने की धमकी दे रहे हैं. आशीष के मुताबिक, इसके बाद उसके जीजा आकाश ने भी फोन कर धमकी दी कि दहेज में सोने की चेन और बुलेट लाओ, तभी तुम्हारी बहन बचेगी.
आशीष ने बताया कि जब वह ड्यूटी से घर लौटा, तो उसे सूचना मिली कि सोनम को करंट लग गया है और वह अस्पताल में भर्ती है. लेकिन जब मायके वाले अस्पताल पहुंचे तो वहां सोनम नहीं मिली. इसके बाद जब वे सोनम के ससुराल पहुंचे, तो वहां उसका शव जमीन पर पड़ा हुआ था.
‘दीदी, ये लोग मुझे शाम तक मार देंगे…’
सोनम की मौत से पहले का एक और खौफनाक सच उसकी बहन काजल ने उजागर किया है. काजल ने बताया कि दोपहर में सोनम का फोन आया था और वह बेहद घबराई हुई थी. सोनम ने रोते हुए कहा था कि उसकी तबीयत बहुत खराब है और वह अब कभी मायके नहीं आ पाएगी. जब काजल ने इसका कारण पूछा, तो सोनम ने तड़पते हुए कहा कि ससुराल वाले उसे शाम तक जान से मार देंगे. आखिरकार वही हुआ, 6 मई को ब्याही सोनम की ठीक एक महीने बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एक तरफ जहां मायके पक्ष ने दहेज हत्या का गंभीर आरोप लगाया है, वहीं ससुराल पक्ष इसे महज बिजली का करंट लगने का हादसा बता रहा है. घटना की सूचना मिलते ही हापुड़ देहात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
अवध यूनिवर्सिटी के धर्मेंद्र शर्मा ने पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, कुलपति ने दी बधाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के असल कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है. पुलिस ने पीड़ित परिवार को आश्वासन दिया है कि इस मामले में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.


