Badaun News: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद दफनाई गई एक नाबालिग किशोरी के शव को पुलिस ने बीती रात कब्र से बाहर निकलवाया. पुलिस ने यह कार्रवाई जिलाधिकारी (डीएम) की विशेष अनुमति मिलने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में की है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और पूरे इलाके में ऑनर किलिंग की आशंका को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है.
अवध यूनिवर्सिटी के धर्मेंद्र शर्मा ने पावरलिफ्टिंग में जीता गोल्ड, कुलपति ने दी बधाई
3 थानों के सीमा विवाद में उलझी रही पुलिस
दरअसल, ये घटना दातागंज कोतवाली क्षेत्र के अमरोली गांव की बताई जा रही है. शनिवार को किशोरी की मौत के बाद परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव को रामगंगा किनारे कटरी में एक गड्ढा खोदकर दफना दिया था. जब पुलिस को इस बात की भनक लगी, तो मामला दो जनपदों और तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों के सीमा विवाद में उलझ गया. काफी देर तक क्षेत्राधिकार को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही, लेकिन मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उच्च अधिकारियों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई.
दादा और चाचा ने पिता पर लगाया हत्या का आरोप
इस मामले में ट्विस्ट तब आया जब मृतका के दादा बुधपाल ने खुद पुलिस को सूचना दी कि उनके बेटे ने ही अपनी पोती की हत्या की है. वहीं, रिश्ते में चाचा लगने वाले चरन सिंह नाम के व्यक्ति ने भी पुलिस को इसकी जानकारी दी. ग्रामीणों के मुताबिक, मृतका का प्रेम प्रसंग चरन सिंह के ही बेटे से चल रहा था, जिसके चलते इस खौफनाक घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी निगाहें
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव पहुंचकर ग्रामीणों से पूछताछ की और अपनी प्रारंभिक जांच रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेजी. इसके बाद डीएम की अनुमति लेकर रात में ही शव को गड्ढे से बाहर निकाला गया.
बहराइच-बाराबंकी फोरलेन हाईवे, 52 गांवों की बदलेगी तस्वीर, किसानों और व्यापार को होगा बड़ा फायदा
प्रभारी निरीक्षक का बयान
वहीं इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक वेदपाल सिंह ने बताया कि किशोरी की मौत के संबंध में मिली सूचना के बाद शव को निकालकर सोमवार (आज) पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है. मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस ऑनर किलिंग समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, इस घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण शांति है और हर किसी की निगाहें अब किशोरी की पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं.


