Global Air Powers Ranking 2026: भारतीय वायुसेना ने एक बार फिर अपनी ताकत का लोहा दुनिया के सामने मनवाया है. ‘वर्ल्ड डायरेक्टरी ऑफ मॉडर्न मिलिट्री एयरक्राफ्ट’ (WDMMA) की वर्ष 2026 की ग्लोबल एयर पावर्स रैंकिंग में भारतीय वायुसेना दुनिया की छठी सबसे शक्तिशाली एविएशन फोर्स बनी है.
12 जुलाई को यूपी में महावृक्षारोपण अभियान, अवध विश्वविद्यालय को मिले 92,600 पौधे लगाने का लक्ष्य
खास बात यह है कि भारत ने इस सूची में चीन को पीछे छोड़ दिया है, जबकि पाकिस्तान 18वें स्थान पर है. रिपोर्ट के अनुसार, भारत को 69.4 TvR (ट्रू-वैल्यू रेटिंग) स्कोर मिला है, जबकि चीन 63.8 TvR के साथ सातवें स्थान पर है. हालांकि चीन के पास 3,733 सक्रिय सैन्य विमान हैं, जो भारत के 1,716 विमानों से दोगुने से भी अधिक हैं. इसके बावजूद WDMMA की रैंकिंग में भारत को बढ़त मिली है क्योंकि यह केवल विमानों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, आधुनिकीकरण, रणनीतिक क्षमता, प्रशिक्षण, लॉजिस्टिक सपोर्ट और बेड़े के संतुलन का भी आकलन करती है.
भारतीय वायुसेना के बेड़े में राफेल, सुखोई Su-30MKI और स्वदेशी तेजस जैसे आधुनिक लड़ाकू विमान शामिल हैं, जिन्हें भारत की गुणात्मक बढ़त का प्रमुख कारण माना गया है. रैंकिंग में अमेरिका का दबदबा कायम है. अमेरिकी एयरफोर्स पहले, अमेरिकी नेवी दूसरे, रूसी एयरफोर्स तीसरे, अमेरिकी आर्मी चौथे और अमेरिकी मरीन कॉर्प्स पांचवें स्थान पर हैं. यदि केवल देशों की मुख्य वायुसेना की तुलना की जाए तो अमेरिका और रूस के बाद भारत तीसरी सबसे शक्तिशाली वायुसेना बनता है. पाकिस्तान एयरफोर्स 879 विमानों और 46.3 TvR स्कोर के साथ 18वें स्थान पर है और टॉप-15 में भी जगह नहीं बना सकी.
रिपोर्ट में भारतीय नौसेना और थल सेना की एविएशन क्षमता का भी उल्लेख किया गया है. भारतीय नौसेना 232 विमानों और 41.2 TvR के साथ 27वें, जबकि भारतीय सेना की एविएशन विंग 540 विमानों और 30.0 TvR के साथ 36वें स्थान पर है. रिपोर्ट के अनुसार यह रैंकिंग केवल एविएशन क्षमता पर आधारित है, न कि सेनाओं की कुल सैन्य शक्ति पर.
CM योगी के दौरे से पहले भाजपा नेता हाउस अरेस्ट! स्वागत सूची में नाम, फिर भी नहीं जाने दिया
WDMMA की 2026 की यह रिपोर्ट बताती है कि आधुनिक युद्ध में केवल विमानों की संख्या नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता, तकनीकी क्षमता, प्रशिक्षण और लड़ाकू तैयारी ही वास्तविक ताकत का पैमाना है. इसी संतुलित और आधुनिक बेड़े के दम पर भारत ने वैश्विक एयर पावर रैंकिंग में चीन से आगे बढ़कर अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है.


