Ramayana Part 1: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है . हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर में अभिनेत्री रकुल प्रीत सिंह का शूर्पणखा अवतार चर्चा का विषय बन गया . सोशल मीडिया पर उनके लुक की जहां कई लोगों ने तारीफ की, वहीं कुछ यूजर्स ने इसे त्रेता युग की बजाय आधुनिक फैशन से प्रेरित बताते हुए ट्रोल करना शुरू कर दिया .
शूर्पणखा लंका की सबसे खूबसूरत महिला
अब रकुल प्रीत सिंह ने इस ट्रोलिंग पर अपनी चुप्पी तोड़ी है . रविवार को पति और निर्माता जैकी भगनानी के साथ एक अवॉर्ड समारोह में पहुंचीं रकुल ने कहा कि उनका लुक किसी आधुनिक कल्पना पर नहीं, बल्कि पौराणिक ग्रंथों में दिए गए विवरण पर आधारित है. इस दौरान उन्होंने कहा कि हमने अब तक जो भी रामायण टीवी या फिल्मों में देखी है, हमारी समझ काफी हद तक उसी तक सीमित है . लेकिन पौराणिक ग्रंथों में कहीं अधिक विस्तृत जानकारी मिलती है . उनमें स्पष्ट उल्लेख है कि शूर्पणखा लंका की सबसे खूबसूरत महिला थीं . इसलिए मेरा पूरा लुक उन्हीं शास्त्रीय और पौराणिक विवरणों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है .
गहन रिसर्च के बाद तैयार किया गया कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग
दरअसल, ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने रकुल के मॉडर्न ज्वेलरी डिजाइन, डिजाइनर ब्लाउज और साड़ी ड्रेपिंग स्टाइल पर सवाल उठाए थे . उनका कहना था कि यह लुक त्रेता युग की बजाय 2026 के फैशन जैसा दिखाई देता है . हालांकि, अभिनेत्री ने साफ किया कि फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग गहन रिसर्च के बाद तैयार की गई है .
फिल्म ‘रामायण’ की कास्ट
फिल्म ‘रामायण’ में रणबीर कपूर भगवान श्रीराम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण, अरुण गोविल राजा दशरथ, लारा दत्ता कैकेयी, रकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा और विवेक ओबेरॉय अहम भूमिका में नजर आएंगे . भारतीय सिनेमा की सबसे बड़े बजट की फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ दो भागों में रिलीज होगी . ‘रामायण: पार्ट 1’ दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी, जबकि ‘रामायण: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में रिलीज की जाएगी .


