LPG Cylinder Rule: घरेलू LPG सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले करोड़ों ग्राहकों के लिए जरूरी खबर है. 1 अक्टूबर 2026 से सब्सिडी वाले LPG रिफिल के लिए Biometric Aadhaar Authentication (BAA) अनिवार्य होने जा रहा है. पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के मुताबिक, जिन ग्राहकों ने अभी तक यह प्रक्रिया पूरी नहीं की है, उन्हें सब्सिडी वाले रिफिल की सुविधा जारी रखने के लिए आधार बायोमेट्रिक सत्यापन कराना होगा.
यह भी पढ़ें- Gemini AI ने खोजे पासवर्ड और क्रेडेंशियल, 3 कंपनियों तक पहुंचा, Google ने बताई पूरी कहानी
27.43 करोड़ LPG ग्राहक पहले ही करा चुके हैं वेरिफिकेशन
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, 19 सितंबर 2026 तक करीब 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू LPG ग्राहक, यानी लगभग 89.9 फीसदी उपभोक्ता, बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा कर चुके हैं. जिन लोगों का सत्यापन पहले ही हो चुका है, उन्हें दोबारा कोई प्रक्रिया करने की जरूरत नहीं होगी और उनकी LPG बुकिंग सामान्य रूप से जारी रहेगी.
वहीं, जिन ग्राहकों का BAA अभी बाकी है, उन्हें 1 अक्टूबर से सब्सिडी वाले रिफिल के लिए पहले यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी.
घर बैठे कैसे करें Aadhaar Biometric Authentication?
LPG ग्राहक अपनी सुविधा के अनुसार कई तरीकों से BAA पूरा कर सकते हैं.
- डिलीवरी के समय: गैस सिलेंडर पहुंचाने वाला कर्मचारी OMC के मोबाइल ऐप की मदद से मौके पर ही ऑथेंटिकेशन कर सकता है.
- गैस एजेंसी पर: ग्राहक अपने LPG डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर जाकर भी आधार बायोमेट्रिक सत्यापन करा सकते हैं.
- मोबाइल ऐप से: संबंधित गैस कंपनी के आधिकारिक ऐप के जरिए घर बैठे प्रक्रिया पूरी की जा सकती है. इंडेन ग्राहक IndianOil ONE, भारत गैस ग्राहक HelloBPCL और HP Gas ग्राहक HP PAY ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं.
अगर आधार ऑथेंटिकेशन नहीं कराया तो क्या होगा?
यहां एक जरूरी बात समझना जरूरी है. BAA नहीं कराने वाले ग्राहकों को पूरी तरह LPG से वंचित करने की बात नहीं कही गई है. मंत्रालय के अनुसार, ऐसे ग्राहक LPG ले सकेंगे, लेकिन उन्हें सब्सिडी नहीं मिलेगी और बाजार कीमत लागू होगी.
ऐसे उपभोक्ताओं को अपनी पसंद OMC के डिजिटल चैनल जैसे वेबसाइट, मोबाइल ऐप, WhatsApp चैटबॉट या IVRS के जरिए दर्ज करनी होगी. उपलब्धता के आधार पर उन्हें 5 किलो या 10 किलो के सिलेंडर बाजार कीमत पर दिए जा सकते हैं.
सरकार ने क्यों बदला नियम?
पेट्रोलियम मंत्रालय के अनुसार, इस व्यवस्था का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ वास्तविक और पात्र परिवारों तक पहुंचाना है. इसके अलावा डुप्लीकेट या अयोग्य कनेक्शन की पहचान करने और घरेलू LPG सिलेंडरों के कमर्शियल या औद्योगिक इस्तेमाल की ओर डायवर्जन रोकने में भी यह प्रक्रिया मदद करेगी.
LPG पर कितनी मिल रही है सब्सिडी?
मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2026 में 14.2 किलो के घरेलू LPG सिलेंडर पर निहित सब्सिडी करीब 210 रुपये प्रति सिलेंडर थी. जून 2026 में यह राशि करीब 721 रुपये प्रति सिलेंडर तक पहुंची थी. सरकार का कहना है कि घरेलू LPG को किफायती बनाए रखने के लिए सरकारी तेल कंपनियों को मुआवजा दिया जाता है.
यह भी पढ़ें- Pitru Paksha 2026: 26 सितंबर या 27 सितंबर, कब से शुरू होगा श्राद्ध? जानें पूरी जानकारी
1 अक्टूबर से पहले क्या करें?
अगर आपके LPG कनेक्शन का Aadhaar Biometric Authentication अभी तक पूरा नहीं हुआ है, तो 1 अक्टूबर से पहले इसे पूरा कर लेना जरूरी है, खासकर यदि आप लागू सब्सिडी के साथ घरेलू LPG रिफिल लेना चाहते हैं. इसके लिए डिलीवरी के समय, गैस एजेंसी या संबंधित OMC के आधिकारिक ऐप का इस्तेमाल किया जा सकता है.
LPG सेवाओं से जुड़ी सहायता के लिए मंत्रालय द्वारा 1800 2333 555 टोल-फ्री हेल्पलाइन भी दी गई है.


