UP Rojgar Mela 2026: उत्तर प्रदेश में नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. सेवायोजन विभाग की ओर से प्रदेश के कई जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है. इन मेलों के जरिए 8 हजार से ज्यादा पदों पर युवाओं को रोजगार का मौका मिलेगा. खास बात यह है कि 10वीं पास से लेकर इंटरमीडिएट, स्नातक, पोस्ट ग्रेजुएशन, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा, आईटीआई और MBA तक की योग्यता रखने वाले अभ्यर्थी इसमें शामिल हो सकते हैं.
यह भी पढ़ें- ‘पूजा मेरी जान’ OTT रिलीज: 4 साल से अटकी हुमा कुरैशी-मृणाल ठाकुर की फिल्म अब इस दिन होगी रिलीज
7 जिलों में लगेगा रोजगार मेला
- अमेठी: 21 सितंबर 2026 को ITI गौरीगंज में बृहद रोजगार मेले का आयोजन होगा. यहां 2995 पदों पर भर्ती प्रस्तावित है.
- एटा: 22 सितंबर 2026 को सरकारी डिग्री कॉलेज, जलेसर में मेगा जॉब फेयर लगाया जाएगा. इसमें 1183 पदों पर भर्ती होगी.
- बरेली: 23 सितंबर 2026 को राजश्री इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी में रोजगार मेला आयोजित होगा, जहां 2180 पदों पर भर्ती की जाएगी.
- मिर्जापुर: 23 सितंबर को पंडित रामकिंकर उपाध्याय विद्यापीठ, कछवां में रोजगार मेले का आयोजन होगा. यहां 753 पदों पर अवसर उपलब्ध होंगे.
- महराजगंज: सिसवा विधानसभा क्षेत्र स्थित राजेंद्र प्रसाद तारा चंद पीजी कॉलेज, निचलौल में 23 सितंबर को रोजगार मेला लगेगा. यहां 464 पदों पर भर्ती होगी.
- गाजीपुर: 23 सितंबर को पीजी कॉलेज में जिला सेवायोजन कार्यालय की ओर से बृहद रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा. इसमें 225 पदों पर भर्ती होगी.
- प्रतापगढ़: 21 सितंबर को ऑनलाइन रोजगार मेले के माध्यम से 250 पदों पर चयन किया जाएगा.
10वीं पास से MBA तक कर सकते हैं आवेदन
इन रोजगार मेलों में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष होनी चाहिए. अधिकतम आयु सीमा संबंधित पद और नियोक्ता के नियमों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है. योग्यता की बात करें तो हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, अग्निवीर, स्नातक, स्नातकोत्तर, इंजीनियरिंग, डिप्लोमा, MBA और ITI जैसी योग्यता रखने वाले अभ्यर्थियों को मौका मिल सकता है.
आवेदन के लिए नहीं लगेगा कोई शुल्क
रोजगार मेले में शामिल होने के लिए अभ्यर्थियों से कोई आवेदन शुल्क नहीं लिया जाएगा. यानी सामान्य, OBC, EWS, SC, ST, दिव्यांग और महिला उम्मीदवारों के लिए आवेदन प्रक्रिया निशुल्क है. बताया गया है कि ये अवसर मुख्य रूप से निजी क्षेत्र और संविदा आधारित नौकरियों से जुड़े हैं. चयन संबंधित नियोक्ता की प्रक्रिया के अनुसार, जिसमें साक्षात्कार भी शामिल हो सकता है.
ऐसे करें ऑनलाइन आवेदन
- सेवायोजन विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं.
- Job Fair/Rojgar Mela से संबंधित विकल्प पर क्लिक करें.
- मोबाइल नंबर, ईमेल और अन्य जरूरी जानकारी देकर रजिस्ट्रेशन करें.
- प्राप्त आईडी और पासवर्ड से लॉगिन करें.
- अपनी शैक्षणिक और व्यक्तिगत जानकारी भरें.
- फोटो, हस्ताक्षर और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- अपने जिले के रोजगार मेले का चयन करें.
- आवेदन सबमिट करने के बाद उसका प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें.
रोजगार मेले में जाते समय अभ्यर्थी रिज्यूमे, शैक्षणिक प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, फोटो और अन्य जरूरी दस्तावेज साथ लेकर जाएं. उम्मीदवार आवेदन करने से पहले संबंधित रोजगार मेले की आधिकारिक सूचना में पद, योग्यता, आयु सीमा और चयन प्रक्रिया की जानकारी जरूर जांच लें.


