नई दिल्ली: भारतीय रेलवे अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को नए रूप में पेश करने की तैयारी कर रहा है. अब तक स्लीपर और जनरल कोच के साथ चलने वाली इन ट्रेनों में जल्द ही एयर कंडीशंड (AC) कोच भी शामिल किए जा सकते हैं. अमृत भारत 3.0 मिशन के तहत ट्रेनों को यात्रियों के लिए अधिक सुविधाजनक और आधुनिक बनाने पर काम किया जा रहा है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृत भारत एक्सप्रेस में एसी कोच की शुरुआत वित्तीय वर्ष 2026-27 के दौरान की जा सकती है. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार इन ट्रेनों में वंदे भारत एक्सप्रेस और राजधानी एक्सप्रेस जैसी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में काम कर रही है.
जम्मू-श्रीनगर को मिलेगी तीसरी वंदे भारत, उधमपुर में भी रुकेगी ट्रेन; यात्रियों को बड़ी राहत
60 से ज्यादा अमृत भारत ट्रेनें चल रहीं
अमृत भारत एक्सप्रेस की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी. किफायती किराए और बेहतर सुविधाओं के कारण इन ट्रेनों को यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. रिपोर्ट्स के अनुसार, भारतीय रेलवे नेटवर्क पर अब 60 से ज्यादा अमृत भारत ट्रेनें संचालित हो रही हैं. इन ट्रेनों में पुश-पुल तकनीक का इस्तेमाल किया जाता है. ट्रेन के दोनों सिरों पर इंजन लगे होते हैं, जिससे ट्रेन को गति पकड़ने और दिशा बदलने में सुविधा मिलती है. मौजूदा अमृत भारत ट्रेनों में आम तौर पर करीब 22 कोच होते हैं, जिनमें स्लीपर, जनरल और दिव्यांग यात्रियों के लिए निर्धारित कोच शामिल हैं.
100 प्रतिशत क्षमता तक हो रहा इस्तेमाल
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमृत भारत एक्सप्रेस कई रूटों पर अपनी उपलब्ध क्षमता के लगभग 100 प्रतिशत तक यात्रियों को सफर करा रही है. कम किराए में लंबी दूरी की यात्रा का विकल्प मिलने के कारण यह ट्रेन आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यम वर्ग के यात्रियों के लिए भी उपयोगी साबित हुई है. स्लीपर क्लास का किराया भी अन्य कई ट्रेनों की तुलना में किफायती रखा गया है. यही वजह है कि अमृत भारत एक्सप्रेस की मांग लगातार बढ़ रही है.
100-100 ट्रेनों के निर्माण पर काम
नई पीढ़ी की अमृत भारत ट्रेनों के निर्माण को लेकर भी रेलवे की ओर से काम चल रहा है. रिपोर्ट के अनुसार, ICF चेन्नई को 50 अमृत भारत ट्रेनों के निर्माण का ऑर्डर दिया गया था, जिनमें से 32 ट्रेनें तैयार हो चुकी हैं. इसके अलावा RCF कपूरथला में भी 50 रेक तैयार किए जा रहे हैं. नई ट्रेनों में एसी कोच शामिल किए जाने की तैयारी है, जिससे अमृत भारत एक्सप्रेस में यात्रियों को पहले से ज्यादा विकल्प मिल सकेंगे.
AC-1, AC-2 और AC-3 कोच की तैयारी
अमृत भारत एक्सप्रेस को और बेहतर बनाने के लिए इसमें अलग-अलग एसी श्रेणियों के कोच शामिल किए जाने की योजना है. इनमें AC-3, AC-2 और AC-1 श्रेणी के कोच होने की संभावना है. इन कोचों में वंदे भारत और राजधानी एक्सप्रेस से जुड़े आधुनिक फीचर्स उपलब्ध कराने पर भी विचार किया जा रहा है.
बच्चों के बढ़ते Screen Time पर SC की चिंता, कहा- Physical Activity बेहद जरूरी
क्या बढ़ेगा स्लीपर और जनरल का किराया?
एसी कोच जुड़ने के बावजूद मौजूदा स्लीपर और जनरल क्लास के किराए पर असर पड़ने की उम्मीद नहीं है. यानी कम किराए में यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए अमृत भारत पहले की तरह किफायती विकल्प बनी रह सकती है. रेलवे की इस पहल का उद्देश्य एक तरफ यात्रियों को ज्यादा सुविधाएं देना है, वहीं दूसरी तरफ ट्रेन में सीटों और कोच की उपलब्धता बढ़ाकर बढ़ती मांग को पूरा करना भी है. एसी कोच जुड़ने से रेलवे को अतिरिक्त राजस्व मिलने की भी उम्मीद है.


