Hapur DM Viral Video: गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत और बचाव कार्य जारी है. इसी दौरान हापुड़ की जिलाधिकारी कविता मीणा का मानवीय चेहरा सामने आया. बाढ़ के पानी के बीच गांवों में पहुंचीं डीएम ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं. इसी दौरान एक बुजुर्ग महिला ने बताया कि गांव में डॉक्टर नहीं आ रहे हैं और वह बुखार से परेशान हैं.
शनि की चाल बदलते ही 3 राशियों की चमकेगी किस्मत, करियर में लगेगा जबरदस्त उछाल!
महिला की बात सुनते ही डीएम ने उससे पूछा कि ‘तुम्हें बुखार आ रहा है? इसके बाद उन्होंने बुजुर्ग महिला की गर्दन छूकर उसका तापमान महसूस किया. शरीर ठंडा लगने पर डीएम ने महिला को भरोसा दिलाते हुए कहा कि वह अपनी गाड़ी में दवाइयों का बैग रखती हैं और उसमें बुखार की दवा होगी. उन्होंने तत्काल दवा उपलब्ध कराने की बात कही. डीएम के इस संवेदनशील अंदाज का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. लोग उनके इस व्यवहार की सराहना कर रहे हैं.
शिकायत के बाद गांव पहुंची मेडिकल टीम
बुजुर्ग महिला की शिकायत के बाद डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा टीम भेजने के निर्देश दिए. इसके बाद गढ़मुक्तेश्वर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी डॉ. शशि भूषण के नेतृत्व में मेडिकल टीम गांवों में पहुंची. टीम ने ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और बुखार, सर्दी, खांसी समेत अन्य बीमारियों से पीड़ित लोगों को दवाइयां वितरित कीं.
जिलाधिकारी कविता मीणा और एसडीएम श्रीराम यादव लगातार बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं. संबंधित विभागों को जलभराव वाले क्षेत्रों में किसी भी तरह की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए हैं.
चक लठीरा में घरों की दहलीज तक पहुंचा पानी
गंगा का जलस्तर बढ़ने से चक लठीरा और काकाठेर की मढैंया जैसे गंगा किनारे बसे गांवों में लोगों की परेशानी बढ़ गई है. गांवों के बाहरी छोर पर बने घरों की दहलीज तक पानी पहुंच गया है. तटबंध की ओर भी पानी तेजी से बढ़ने की सूचना है. खादर क्षेत्र के ग्रामीणों को पशुओं के लिए हरा चारा लाने में भी परेशानी हो रही है. लगातार जलभराव के कारण लौकी, तुरई और करेले जैसी फसलें भी प्रभावित हुई हैं.
अधिकारियों के अनुसार पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश तथा बिजनौर बैराज से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है. हालांकि, एसडीएम ने बताया कि फिलहाल जलस्तर में स्थिरता आई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है. स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से साफ पानी पीने, पानी उबालकर इस्तेमाल करने और संक्रमण से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है.


