Chhattisgarh Jobs: छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ा रोजगार लक्ष्य रखा है. उन्होंने कहा कि राज्य में औद्योगिक विस्तार के जरिए आने वाले समय में कम से कम 2 लाख युवाओं को रोजगार दिलाने का लक्ष्य है. इसके साथ ही सरकार के करीब ढाई साल के कार्यकाल में विभिन्न सरकारी विभागों में 15 हजार से ज्यादा नियुक्तियां किए जाने का दावा किया गया है.
यह भी पढ़ें- दक्षिण भारत के 4 राज्यों में 10,021 करोड़ की 5 रेल परियोजनाओं को कैबिनेट की मंजूरी
प्राइवेट सेक्टर में 3 हजार युवाओं को नौकरी
रायपुर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार युवाओं को सरकारी और निजी, दोनों क्षेत्रों में रोजगार से जोड़ने की दिशा में काम कर रही है. उन्होंने बताया कि कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जल्द ही एक जॉब फेयर आयोजित करने जा रहे हैं. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस रोजगार मेले के जरिए करीब 3 हजार युवाओं को निजी उद्योगों में नौकरी मिलने की उम्मीद है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में उद्योगों के माध्यम से कम से कम दो लाख बेटे-बेटियों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है.
ढाई साल में 15 हजार से ज्यादा सरकारी नियुक्तियां
पुलिस विभाग में 7 हजार से ज्यादा नियुक्तियां
शिक्षा विभाग में करीब 3 हजार नियुक्तियां
बिजली विभाग में 1,200 से ज्यादा नियुक्तियां
PHE और सहकारिता विभाग में भी नियुक्तियां
टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में 21 नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने रायपुर में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग में नवनियुक्त 21 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए. इस दौरान उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच इस विभाग की जिम्मेदारी काफी बढ़ गई है.
उन्होंने कहा कि पहले गांवों में लोग सड़क किनारे अपनी सुविधा के अनुसार मकान बना लेते थे, लेकिन अब तेजी से हो रहे शहरीकरण के कारण नियोजित तरीके से आवास और शहरों का विकास जरूरी हो गया है. ऐसे में टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग राज्य में व्यवस्थित शहरीकरण को मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है.
ईमानदारी और समर्पण से करें काम
नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए मुख्यमंत्री साय ने उनसे ईमानदारी और समर्पण के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की. उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी विकसित छत्तीसगढ़ और विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपना योगदान दें.
यह भी पढ़ें- गणेश चतुर्थी 2026: 14 सितंबर को होगी गणपति स्थापना, जानें शुभ मुहूर्त और विसर्जन की तारीख
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ देश को मजबूत और समृद्ध बनाने का काम किया जा रहा है. इसी विजन के तहत छत्तीसगढ़ सरकार ‘विकसित छत्तीसगढ़ 2047’ के विजन डॉक्यूमेंट के अनुसार आगे बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए राज्य के हर नागरिक का सहयोग जरूरी है.


