ISRO Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) में नौकरी पाने का शानदार मौका है. तमिलनाडु के महेंद्रगिरी स्थित ISRO Propulsion Complex (IPRC) ने विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है. इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 22 पदों को भरा जाएगा. खास बात यह है कि भर्ती में टेक्निकल असिस्टेंट से लेकर टेक्नीशियन, कुक और फायरमैन तक के पद शामिल हैं.
यह भी पढ़ें- अमरोहा-हरिद्वार गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जमीन खरीद तेज, 52 गांवों के किसानों को राहत; 4 गुना मिलेगा मुआवजा
15 सितंबर से शुरू होंगे आवेदन
इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स की इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर 2026 से शुरू होगी. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 5 अक्टूबर 2026 तक आवेदन कर सकेंगे. उम्मीदवारों को आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से करना होगा. इसके लिए IPRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन करना होगा.
किन पदों पर होगी भर्ती?
टेक्निकल असिस्टेंट (ऑटोमोबाइल): 1 पद
टेक्निकल असिस्टेंट (मैकेनिकल): 3 पद
टेक्निकल असिस्टेंट (इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन): 1 पद
टेक्नीशियन-B: 13 पद
कुक-A: 1 पद
फायरमैन-A: 3 पद
टेक्नीशियन-B के पदों में फिटर, टर्नर, वेल्डर, मशीनिस्ट, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडीशनिंग और इलेक्ट्रीशियन जैसे ट्रेड शामिल हैं. इनमें फिटर के 4 और मशीनिस्ट के 3 पद हैं.
10वीं पास भी कर सकते हैं आवेदन
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवारों को मौका दिया गया है. टेक्निकल असिस्टेंट के पदों के लिए संबंधित विषय में फर्स्ट क्लास डिप्लोमा होना जरूरी है. वहीं, टेक्नीशियन-B पदों के लिए उम्मीदवार का 10वीं पास होने के साथ संबंधित ट्रेड में ITI पास होना जरूरी है. इसके अलावा उम्मीदवार के पास NCVT से मान्यता प्राप्त NTC या NAC सर्टिफिकेट भी होना चाहिए. कुक-A पद के लिए 10वीं पास होने के साथ किसी प्रतिष्ठित होटल या कैंटीन में कम से कम 5 साल का अनुभव मांगा गया है. अनुभव प्रमाण पत्र किसी संस्थान की ओर से जारी होना चाहिए.
वहीं, फायरमैन-A के पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उन्हें निर्धारित शारीरिक दक्षता मानकों को पूरा करना होगा. आवेदन के दौरान प्रारंभिक मेडिकल टेस्ट का प्रमाण पत्र भी जरूरी होगा.
69 हजार रुपये तक मिलेगी सैलरी
इसरो की इस भर्ती में पद के अनुसार अलग-अलग वेतनमान निर्धारित किया गया है. टेक्निकल असिस्टेंट को पे लेवल-7 के तहत 44,900 रुपये से 1,42,400 रुपये तक वेतन मिल सकता है. वहीं टेक्नीशियन-B के पद पर चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल-3 के तहत 21,700 रुपये से 69,100 रुपये तक वेतन मिलेगा. इसके अलावा कुक-A और फायरमैन-A पदों के लिए पे लेवल-2 के तहत 19,900 रुपये से 63,200 रुपये तक वेतन निर्धारित है.
आरक्षण का भी रखा गया है ध्यान
भर्ती में आरक्षण से जुड़ी व्यवस्थाएं भी लागू की गई हैं. चार फिटर पदों में से एक पद पूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित है. तीन मशीनिस्ट पदों में से एक पद दिव्यांग यानी अस्थि बाधित श्रेणी के लिए निर्धारित है. वहीं तीन फायरमैन पदों में से एक पद भूतपूर्व सैनिकों के लिए आरक्षित रखा गया है.
यह भी पढ़ें- गंगा पर बदलेगी तस्वीर! 235 करोड़ के नए पुल से कानपुर-लखनऊ सफर होगा आसान
आवेदन करने से पहले जरूर देखें नोटिफिकेशन
इस भर्ती की संक्षिप्त अधिसूचना में आयु सीमा, चयन प्रक्रिया और परीक्षा पैटर्न से जुड़ी सभी विस्तृत जानकारियां स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं हैं. ऐसे में उम्मीदवारों को सलाह है कि आवेदन करने से पहले IPRC की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत भर्ती विज्ञापन जरूर पढ़ें. उम्मीदवार आवेदन की अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जरूरी दस्तावेज पहले से तैयार रखें, ताकि ऑनलाइन फॉर्म भरते समय किसी तरह की परेशानी न हो.


