UP RERA Projects: उत्तर प्रदेश में घर खरीदने का सपना देख रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है. उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (UP RERA) ने छह जिलों में 13 नई आवासीय और व्यावसायिक परियोजनाओं को मंजूरी दी है. इन परियोजनाओं में करीब 2,380.04 करोड़ रुपये का निवेश होगा और कुल 4,724 नई यूनिट्स विकसित की जाएंगी. यूपी रेरा मुख्यालय में हुई बैठक में इन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई. बैठक की अध्यक्षता रेरा के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने की. प्राधिकरण के मुताबिक सभी प्रोजेक्ट का निर्माण RERA Act के प्रावधानों के तहत पारदर्शी तरीके से और तय समयसीमा में कराने पर जोर दिया जाएगा.
बाराबंकी में सबसे ज्यादा निवेश
निवेश के लिहाज से बाराबंकी सबसे आगे रहा है. जिले में दो आवासीय परियोजनाओं में करीब 751.42 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा. इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद बड़ी संख्या में लोगों को नए आवास उपलब्ध होने के साथ निर्माण और उससे जुड़ी गतिविधियों में रोजगार के अवसर भी पैदा होने की उम्मीद है.
लखनऊ में बनेंगे सबसे ज्यादा फ्लैट
नई यूनिट्स की संख्या के लिहाज से लखनऊ सबसे आगे है. यहां करीब 385.76 करोड़ रुपये की लागत से एक परियोजना विकसित की जाएगी, जिसमें 1,392 फ्लैट बनाए जाएंगे. वहीं वाराणसी में तीन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है. इन पर करीब 750.24 करोड़ रुपये का निवेश होगा और कुल 1,189 यूनिट्स विकसित की जाएंगी.
गाजियाबाद में 864 यूनिट, दो कमर्शियल प्रोजेक्ट
गाजियाबाद में तीन परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. इनमें दो व्यावसायिक और एक आवासीय परियोजना शामिल है. इन परियोजनाओं में करीब 286.27 करोड़ रुपये का निवेश होगा और कुल 864 यूनिट्स विकसित की जाएंगी.
गौतमबुद्ध नगर में 564 यूनिट बनेंगी
गौतमबुद्ध नगर में दो परियोजनाओं को हरी झंडी मिली है. इनमें एक आवासीय और एक व्यावसायिक प्रोजेक्ट शामिल है. दोनों परियोजनाओं में करीब 186 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा और 564 यूनिट्स विकसित होंगी.
आगरा में भी दो प्रोजेक्ट मंजूर
आगरा में दो परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है. इन पर करीब 20.35 करोड़ रुपये का निवेश होगा और कुल 124 यूनिट्स का निर्माण किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले में बनेगा गंगा एक्सप्रेसवे, 109 गांवों की जमीन से बदलेगी तस्वीर
घर के साथ रोजगार के भी नए अवसर
UP RERA के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने कहा कि इन परियोजनाओं से लोगों को नए आशियाने उपलब्ध होने के साथ-साथ रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे. प्राधिकरण का कहना है कि RERA के तहत परियोजनाओं में पारदर्शिता और समयबद्ध निर्माण पर लगातार नजर रखी जाएगी. इन 13 परियोजनाओं के पूरा होने से छह जिलों में रियल एस्टेट सेक्टर को बढ़ावा मिलने के साथ घर खरीदारों के भरोसे को भी मजबूत करने की उम्मीद है.


