फरीदाबाद: ग्रेटर फरीदाबाद को गुरुग्राम रोड और एनआईटी क्षेत्र से जोड़ने के लिए करीब 7 किलोमीटर लंबे डबल डेकर एलिवेटेड रोड की योजना पर काम किया जा रहा है. खास बात यह होगी कि एक ही कॉरिडोर पर दो स्तर बनाए जाएंगे. नीचे वाहनों की आवाजाही होगी, जबकि ऊपर नमो भारत ट्रेन चलाने की योजना है.
यह भी पढ़ें- अमित शाह ने ‘हनुमान अंश’ की टीम से की मुलाकात, फिल्म की सफलता पर दी बधाई; 6वें हफ्ते भी जारी है जलवा
एक ही पिलर पर बनेंगे दो फ्लाईओवर
फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (FMDA) के ईस्ट-वेस्ट प्रोजेक्ट के तहत शहर के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों को जोड़ने की योजना है. प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर सैनिक कॉलोनी से होते हुए दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा.
अधिकारियों के मुताबिक, एक ही पिलर पर दोनों परियोजनाओं को विकसित करने की योजना बनाई गई है. हनुमान मंदिर से बाटा चौक तक एक ही पिलर पर दोनों फ्लाईओवर बनाए जाने पर चर्चा हुई है. FMDA के चीफ इंजीनियर प्रवीण चौधरी के मुताबिक, एक रूट पर प्रस्तावित दोनों परियोजनाओं को लेकर तकनीकी चुनौती सामने आई थी. इस संबंध में अधिकारियों की बैठक में चर्चा की गई है.
ग्रेटर फरीदाबाद और एनआईटी के बीच बेहतर कनेक्टिविटी
वर्तमान में राष्ट्रीय राजमार्ग और रेलवे लाइन के कारण फरीदाबाद के अलग-अलग हिस्सों के बीच सीधी कनेक्टिविटी की समस्या है. एनआईटी क्षेत्र के लोगों को सेक्टर-12 या ओल्ड फरीदाबाद जाने के लिए नीलम और बाटा रेलवे ओवरब्रिज का इस्तेमाल करना पड़ता है.
ईस्ट-वेस्ट प्रोजेक्ट के शुरू होने के बाद ग्रेटर फरीदाबाद, सैनिक कॉलोनी और एनआईटी क्षेत्र के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. परियोजना के एक रूट का टेंडर जल्द जारी करने की तैयारी बताई जा रही है.
नमो भारत परियोजना पर भी इसी साल काम की उम्मीद
नमो भारत रैपिड रेल परियोजना को लेकर भी काम आगे बढ़ाने की तैयारी है. अधिकारियों के अनुसार, इस परियोजना पर इसी साल काम शुरू होने की उम्मीद है. मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई प्राधिकरण की बैठक में परियोजना को जल्द आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए थे.
नीलम-बीके रोड पर भी मिलेगी राहत
फरीदाबाद के नीलम-बीके रोड पर जाम से राहत देने के लिए सर्विस रोड को दो लेन का किया जा रहा है. इसका निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे जल्द पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
नीलम चौक से वन नंबर मार्केट समेत आसपास के इलाकों में जाने वाले वाहन चालकों को फिलहाल बीके चौक से होकर गुजरना पड़ता है, जहां ऑटो और वाहनों के कारण जाम की स्थिति बनती है. नई दो लेन की सर्विस रोड शुरू होने के बाद नीलम की तरफ से आने वाले वाहन चौक के पास से सर्विस रोड का इस्तेमाल कर सकेंगे.
बिजली के खंभे किए जा रहे शिफ्ट
निर्माण कार्य के रास्ते में आ रहे बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जा रहा है. सड़क पर मिट्टी की लेवलिंग का काम भी शुरू हो गया है. अधिकारियों का प्रयास है कि निर्माण जल्द पूरा हो, ताकि वाहनों की आवाजाही ज्यादा प्रभावित न हो.
यह भी पढ़ें- 2028 तक तैयार होगा 6-लेन एक्सप्रेसवे, बिहार के 12 जिलों से गुजरेगा, नेपाल से बंगाल की खाड़ी तक बदलेगी कनेक्टिविटी
स्थानीय लोगों के मुताबिक, नीलम-बीके रोड पर सुबह और शाम के समय ट्रैफिक का दबाव अधिक रहता है. सर्विस रोड के दो लेन होने से इस मार्ग पर जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है.


