Jaunpur News: उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले को सड़क कनेक्टिविटी के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बृहस्पतिवार को जिले के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह 3719 करोड़ रुपये की लागत वाली आठ राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इनमें 3210 करोड़ रुपये की तीन परियोजनाओं का लोकार्पण और 509 करोड़ रुपये की पांच परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है.
एनएचएआई आजमगढ़ इकाई के परियोजना निदेशक पीयूष अग्रवाल के मुताबिक, इन परियोजनाओं के पूरा होने से जौनपुर की सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होगी. साथ ही आसपास के जिलों और प्रमुख शहरों तक आवागमन आसान होने की उम्मीद है.
सुबह 11:15 बजे जौनपुर पहुंचेंगे नितिन गडकरी
सूचना विभाग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी सुबह 11:15 बजे मुंगराबादशाहपुर स्थित हेलीपैड पर पहुंचेंगे. इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर एक बजे तक सार्वजनिक इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे. यहां विभिन्न सड़क परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा.
इन पांच सड़क परियोजनाओं का होगा शिलान्यास
- मुंगराबादशाहपुर बाईपास पर खर्च होंगे 198 करोड़ रुपये
मुंगराबादशाहपुर नगर को जाम से राहत दिलाने के लिए करीब चार किलोमीटर लंबे बाईपास का निर्माण कराया जाएगा. यह कोदहूं के पास से शुरू होकर नगर को बाईपास करते हुए नौवाडांडी के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग पर समाप्त होगा. 10 से 18 मीटर चौड़े इस बाईपास के निर्माण पर करीब 198 करोड़ रुपये खर्च होंगे. दो लेन और शोल्डर वाली इस परियोजना में एक रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी), एक लघु सेतु और दो एलवीयूपी बनाए जाएंगे. इसे 22 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है. - वाजिदपुर से पचहिया तक बनेगी फोरलेन सड़क
जिला मुख्यालय पर वाजिदपुर स्थित स्मृति लता मंगेशकर चौराहे से पचहिया तक सड़क का फोरलेन चौड़ीकरण किया जाएगा. करीब पांच किलोमीटर लंबी इस परियोजना पर 75 करोड़ रुपये खर्च होंगे. निर्माण कार्य 31 मार्च 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. - कुत्तूपुर से पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक फोरलेन सड़क
कुत्तूपुर तिराहे से सरायख्वाजा स्थित पूर्वांचल विश्वविद्यालय तक करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण और चौड़ीकरण किया जाएगा. इस परियोजना के लिए 128 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है. इसे 31 दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य है. - मड़ियाहूं में 92 करोड़ से बनेगा रेलवे ओवरब्रिज
मड़ियाहूं नगर में लंबे समय से की जा रही रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) की मांग अब पूरी होने की दिशा में आगे बढ़ेगी. करीब 1.5 किलोमीटर लंबे दो लेन के आरओबी के निर्माण पर 92 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे. इसे 30 जून 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. - रामदयालगंज में सई नदी पर बनेगा पुल
रामदयालगंज में सई नदी पर दो लेन के पुल का निर्माण कराया जाएगा. करीब 227 मीटर लंबे इस पुल के निर्माण पर 16 करोड़ रुपये खर्च होंगे. परियोजना को 29 सितंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है.
सड़क कनेक्टिविटी मजबूत होने से मिलेगी राहत
इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से जौनपुर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी. मुंगराबादशाहपुर बाईपास और मड़ियाहूं आरओबी जैसे प्रोजेक्ट से स्थानीय लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. वहीं, जिला मुख्यालय से पूर्वांचल विश्वविद्यालय और अन्य प्रमुख मार्गों पर आवागमन पहले की तुलना में सुगम हो सकेगा.
यह भी पढ़ें- आगरा मेट्रो की बड़ी परीक्षा पास! 959 यात्रियों का भार लेकर 80 की रफ्तार से दौड़ी ट्रेन, जानें कहां हुई टेस्टिंग
यह भी पढ़ें- अमित शाह का राहुल गांधी पर तीखा हमला, बोले- ‘वोट बचाओ यात्रा’ नहीं, ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’, 1,508 करोड़ की सौगात


