Gujarat News: गुजरात को वैश्विक निवेश का बड़ा केंद्र बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं. इसी कड़ी में वन एवं पर्यावरण, जलवायु परिवर्तन, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री अर्जुन मोढवाडिया के नेतृत्व में उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने 19 से 26 अक्टूबर तक सिंगापुर और दक्षिण कोरिया का दौरा किया. इस आठ दिवसीय दौरे का उद्देश्य विदेशी कंपनियों को गुजरात में निवेश के लिए आमंत्रित करना और आगामी Vibrant Gujarat Global Summit 2027 के लिए कारोबारी साझेदारी को मजबूत करना था.
राज्य सरकार के मुताबिक, इस दौरे के दौरान सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, डिजिटल टेक्नोलॉजी, हेल्थकेयर, कृषि, खाद्य प्रसंस्करण, शिपबिल्डिंग और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई. इस दौरान कई कंपनियों ने गुजरात में निवेश, तकनीकी साझेदारी और विनिर्माण इकाइयां स्थापित करने में रुचि दिखाई.
सानंद में लगेगी सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माण इकाई?
इस दौरे से सामने आए प्रमुख निवेश प्रस्तावों में भारत सेमीटेक (Bharat SemiTech) की दिलचस्पी अहम रही. कंपनी ने गुजरात के सानंद में सेमीकंडक्टर उपकरण निर्माण इकाई स्थापित करने में रुचि दिखाई है. इसके लिए करीब 1,000 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश की बात सामने आई है.
इस संभावित निवेश से गुजरात में सेमीकंडक्टर उद्योग को और मजबूती मिलने की उम्मीद है. साथ ही राज्य में इलेक्ट्रॉनिक्स और अत्याधुनिक विनिर्माण क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो सकते हैं.
सिंगापुर में 20 बैठकें, बड़ी कंपनियों से हुई चर्चा
प्रतिनिधिमंडल ने सिंगापुर दौरे के दौरान कुल 20 कार्यक्रमों में हिस्सा लिया. इनमें 9 व्यक्तिगत कारोबारी बैठकें, 2 सरकार-से-सरकार (G2G) बैठकें, 5 राउंडटेबल बैठकें और 4 औद्योगिक स्थलों का दौरा शामिल रहा.
इस दौरान सिंगापुर की विदेश मामलों और व्यापार एवं उद्योग मंत्रालय की राज्य मंत्री गण सियो हुआंग तथा भारत के सिंगापुर में उच्चायुक्त डॉ. शिल्पक अंबुले के साथ भी चर्चा हुई.
इसके अलावा सिंगापुर सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री एसोसिएशन, सिंगापुर इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, ASEAN Innovation Business Platform और TiE Singapore सहित कई कारोबारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाएं तलाशी गईं.
प्रतिनिधिमंडल ने माइक्रोन सेमीकंडक्टर, ग्लोबल टेक सॉल्यूशंस, ASMPT यिशुन और A*STAR फ्यूजनोपोलिस जैसी संस्थाओं का दौरा भी किया. इस दौरान सेमीकंडक्टर, तकनीकी अनुसंधान और आधुनिक विनिर्माण से जुड़ी क्षमताओं को समझा गया.
दक्षिण कोरिया में 25 कारोबारी कार्यक्रमों में लिया हिस्सा
सिंगापुर के बाद प्रतिनिधिमंडल दक्षिण कोरिया पहुंचा. यहां कुल 25 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें 15 व्यक्तिगत कारोबारी बैठकें, 3 राउंडटेबल बैठकें और 7 औद्योगिक स्थलों का दौरा शामिल था.
दक्षिण कोरिया में हनवा ओशन, HJ हेवी इंडस्ट्रीज, हानयांग इंजीनियरिंग, सियोल सेमीकंडक्टर और अन्य प्रमुख संस्थानों का दौरा किया गया. इसके अलावा जहाज निर्माण, डिस्प्ले टेक्नोलॉजी, डेटा सेंटर, केमिकल, बायोटेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र की कंपनियों के साथ बातचीत हुई.
प्रतिनिधिमंडल ने हनवा मैरीटाइम सर्विसेज डिवीजन, HD Hyundai, TES Co. Ltd., Dongwoo Fine-Chem, Nova Data Center और अन्य कंपनियों के साथ गुजरात में निवेश, संयुक्त उपक्रम, तकनीकी सहयोग और विनिर्माण विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की.
दक्षिण कोरियाई कंपनियों के लिए बनेगा विशेष संपर्क अधिकारी
दक्षिण कोरिया की कंपनियों के साथ बातचीत के दौरान गुजरात सरकार के सामने एक अहम सुझाव भी आया. कंपनियों ने निवेश संबंधी बातचीत और परियोजनाओं के क्रियान्वयन में सहायता के लिए सरकार से एक समर्पित सिंगल पॉइंट ऑफ कॉन्टैक्ट (SPOC) नियुक्त करने का सुझाव दिया.
इस व्यवस्था से दक्षिण कोरियाई निवेशकों को परियोजनाओं से जुड़ी जानकारी, सरकारी प्रक्रियाओं और अन्य जरूरी सहायता एक ही माध्यम से उपलब्ध कराने में मदद मिल सकती है.
10 से 12 जनवरी तक होगा Vibrant Gujarat Summit 2027
गौरतलब है कि 11वां वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक गांधीनगर में प्रस्तावित है. इससे पहले राज्य सरकार विदेशी निवेशकों और वैश्विक कंपनियों के साथ संपर्क मजबूत करने में जुटी है.
गुजरात सरकार के अनुसार, सिंगापुर और दक्षिण कोरिया के दौरे से सेमीकंडक्टर, ग्रीन हाइड्रोजन, शिपबिल्डिंग, हेल्थकेयर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और एडवांस मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की नई संभावनाएं सामने आई हैं. अब इन चर्चाओं को वास्तविक निवेश और रणनीतिक साझेदारी में बदलने की दिशा में काम किया जाएगा.
यह भी पढ़ें- Ramayana Box Office: रणबीर कपूर की ‘रामायण’ ने पहले दिन दुनियाभर में कमाए 155 करोड़, SS राजामौली ने की जमकर तारीफ
यह भी पढ़ें- Semiconductor Industry: चिप निर्माण से आगे बढ़कर पूरा इकोसिस्टम तैयार करेगा भारत, 12 परियोजनाओं को मंजूरी


