नई दिल्ली: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे यानी NH-709B पर पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित आवागमन की सुविधा बढ़ाने की तैयारी है. पूर्वी दिल्ली में एक्सप्रेसवे के अलग-अलग हिस्सों में तीन नए फुट ओवरब्रिज (FOB) बनाए जाएंगे. इनमें दो एफओबी का शिलान्यास हो चुका है, जबकि तीसरे को भी मंजूरी दी गई है. तीनों फुट ओवरब्रिज के निर्माण पर कुल करीब 12.8 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है. इनमें से दो एफओबी में यात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की जाएगी.
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड में मेट्रो और नमो भारत की तैयारी, देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश की कनेक्टिविटी बदलेगी
गीता कॉलोनी और रमेश पार्क में बनेंगे FOB
पूर्वी दिल्ली में गीता कॉलोनी/गांधी नगर और रमेश पार्क, लक्ष्मी नगर में बनने वाले दो फुट ओवरब्रिज का शिलान्यास दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष और केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को किया. इन दोनों स्थानों पर एफओबी बनने के बाद एक्सप्रेसवे को पैदल पार करने वाले लोगों को सुरक्षित क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी. खासतौर पर गांधी नगर और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को इससे फायदा मिलने की उम्मीद है.
दोनों एफओबी में लिफ्ट की सुविधा प्रस्तावित है, जिससे बुजुर्गों, दिव्यांगों और अन्य जरूरतमंद यात्रियों के लिए सड़क पार करना आसान होगा.
भजनपुरा-गढ़ी मेंडू में भी बनेगा फुट ओवरब्रिज
गीता कॉलोनी और रमेश पार्क के अलावा भजनपुरा-गढ़ी मेंडू के पास भी एक फुट ओवरब्रिज को मंजूरी दी गई है. यह एफओबी NH-709B के करीब 10+800 किलोमीटर पर बनाया जाएगा. इस तरह दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से में कुल तीन नए फुट ओवरब्रिज बनने से पैदल यात्रियों के लिए सुरक्षित क्रॉसिंग पॉइंट बढ़ जाएंगे.
एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग और जनसुविधाओं की योजना
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के एलिवेटेड हिस्से के नीचे खाली जगह के इस्तेमाल को लेकर भी योजना बनाई जा रही है. हर्ष मल्होत्रा के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के नीचे पार्किंग सुविधा शुरू की गई है. इसके अलावा इस जगह को बेहतर तरीके से विकसित करने की योजना है. प्रस्तावित सुविधाओं में EV चार्जिंग स्टेशन, शौचालय और अन्य जनसुविधाएं शामिल हैं.
एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से का होगा सौंदर्यीकरण
NH-709B के दिल्ली वाले हिस्से के सौंदर्यीकरण पर भी काम किया जा रहा है. एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध जगह का उपयोग पार्किंग और दूसरी सुविधाओं के लिए करने की योजना है. इससे एक्सप्रेसवे के आसपास की जगह को व्यवस्थित करने और यात्रियों के लिए सुविधाएं बढ़ाने में मदद मिल सकती है.
यह भी पढ़ें- Navratri 2026: नवरात्रि में भूलकर भी न करें ये 7 गलतियां, पूजा के दौरान इन बातों का रखें ध्यान
एलिवेटेड कॉरिडोर पर लगाए जा रहे सोलर पैनल
दिल्ली वाले हिस्से के एलिवेटेड कॉरिडोर पर सोलर पैनल लगाने का काम भी चल रहा है. इनसे पैदा होने वाली बिजली का इस्तेमाल एक्सप्रेसवे से जुड़ी बिजली की जरूरतों को पूरा करने में किया जाएगा. इस पहल का उद्देश्य हाईवे की ऊर्जा जरूरतों में नवीकरणीय ऊर्जा का इस्तेमाल बढ़ाना और पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम करना भी है.


