Baghpat News: उत्तर प्रदेश के बागपत जिले को आधुनिक सुविधाओं से लैस स्मार्ट टाउनशिप की सौगात देने की तैयारी है. अग्रवाल मंडी टटीरी में इसके लिए पहले ही सात हेक्टेयर जमीन खरीदी जा चुकी है. अब इसके पास 12 हेक्टेयर अतिरिक्त जमीन खरीदने की योजना है. डीएम दिव्यांशु पटेल ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि बागपत को मेट्रो सिटी की तर्ज पर एक बड़ी और बेहतर स्मार्ट टाउनशिप मिल सके. कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में डीएम ने जिले में चल रहे विकास कार्यों, जन शिकायतों के निस्तारण और स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की योजनाओं की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि जन शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है.
यह भी पढ़ें- रिंग रोड से बदलेगी बुलंदशहर की सूरत! 4 प्रमुख हाईवे होंगे कनेक्ट, NHAI ने तैयार किया अलाइनमेंट
छपरौली में केंद्रीय विद्यालय के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा
डीएम दिव्यांशु पटेल ने बताया कि छपरौली में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से संबंधित कार्रवाई पूरी करने के लिए एक सप्ताह की समय-सीमा तय की गई है. वहीं, हरियाखेड़ा में ईशा फाउंडेशन के योग एवं आरोग्य केंद्र के लिए भूमि संबंधी प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे सुबह 10 बजे से अपने कार्यालयों में उपलब्ध रहें, ताकि फरियादियों की समस्याओं को सुना जा सके और उनका समाधान किया जा सके.
बागपत महोत्सव के आयोजन पर भी चर्चा
डीएम ने जिले की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान को व्यापक स्तर पर सामने लाने के लिए बागपत महोत्सव आयोजित करने की संभावनाओं पर भी चर्चा की. उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की थीम के अनुरूप आगे बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है. इसके साथ ही जिला संयुक्त चिकित्सालय में चिकित्सकों की नियुक्ति और स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया. पत्रकार वार्ता में एडीएम वित्त एवं राजस्व राजीव कुमार राय और जिला सूचना अधिकारी राहुल भाटी मौजूद रहे.
बड़ौत IMA के अध्यक्ष बने डॉ. सुखपाल सिंह, डॉ. आनंद तोमर को सचिव की जिम्मेदारी
बड़ौत: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है. शहर के सेंट्रम होटल में मंगलवार देर शाम आयोजित बैठक में चुनाव अधिकारी डॉ. जगमोहन गोयल की मौजूदगी में चिकित्सकों ने सर्वसम्मति से पदाधिकारियों का चयन किया. नई कार्यकारिणी में डॉ. सुखपाल सिंह को अध्यक्ष और डॉ. आनंद तोमर को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई. डॉ. आरपी कटियार को संरक्षक बनाया गया.
नई कार्यकारिणी में इन्हें मिली जिम्मेदारी
- संरक्षक: डॉ. आरपी कटियार
- अध्यक्ष: डॉ. सुखपाल सिंह
- उपाध्यक्ष: डॉ. अरविंद कुमार और डॉ. पुष्पा वर्मा
- सचिव: डॉ. आनंद तोमर
- सह सचिव: डॉ. अभिनव तोमर और डॉ. आशीष तोमर
- कोषाध्यक्ष: डॉ. राकेश जैन
बैठक में चिकित्सकों ने संगठन की गतिविधियों और आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर चर्चा की. सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी चुने जाने के बाद सभी पदाधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गईं.


