Bihar News: बिहार के विकास को रफ्तार देने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को राज्य के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वह वैशाली जिले में नवनिर्मित नीतीश सेतु का दौरा करेंगे. इसके बाद करीब 34,470 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे. इन परियोजनाओं का संबंध सड़क, बिजली, शहरी बुनियादी ढांचे, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन समेत कई अहम क्षेत्रों से है.
प्रधानमंत्री के इस दौरे को बिहार में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इन परियोजनाओं से राज्य में कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ आम लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास और परिवहन जैसी सुविधाओं का लाभ मिलने की उम्मीद है.
4,280 करोड़ से बना नीतीश सेतु होगा राष्ट्र को समर्पित
प्रधानमंत्री मोदी करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से बने गंगा नदी पर निर्मित नीतीश सेतु को राष्ट्र को समर्पित करेंगे. यह एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टे ब्रिज पटना जिले के NH-22 पर कच्ची दरगाह को वैशाली जिले के NH-322 स्थित बिदुपुर से जोड़ता है.
इस पूरे प्रोजेक्ट की लंबाई 19.7 किलोमीटर है. इसमें 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं. इसके शुरू होने से गंगा नदी पर एक अतिरिक्त रास्ता उपलब्ध होगा. इससे महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी. साथ ही उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय भी घटेगा.
इस पुल से खासतौर पर राघोपुर दियारा के लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है. पटना तक उनकी पहुंच आसान होगी और स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा तथा अन्य जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में कम समय लगेगा. इसके अलावा किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने और औद्योगिक सामान के परिवहन में भी सहूलियत होगी.
15,600 करोड़ से ज्यादा की परियोजनाओं का उद्घाटन
प्रधानमंत्री 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई बड़ी विकास परियोजनाओं का उद्घाटन भी करेंगे. सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए NH-19 के औरंगाबाद-चोरदाहा सेक्शन को छह लेन करने समेत NH-227F के चोरमा-बैरगनिया और NH-327 के उमगांव-सहरसा सेक्शन से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं.
बिजली क्षेत्र में बक्सर थर्मल पावर प्रोजेक्ट की 660 मेगावाट क्षमता वाली यूनिट-2 का उद्घाटन किया जाएगा. इसके अलावा बिजली वितरण और ट्रांसमिशन से जुड़ी परियोजनाएं भी शुरू होंगी. इनमें 1,130 करोड़ रुपये से अधिक की RDSS लॉस रिडक्शन योजनाएं शामिल हैं.
इसके साथ ही नहरों और तटबंधों के जीर्णोद्धार, नवादा के फुलवरिया डैम में फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट और कहलगांव में सीवरेज इंफ्रास्ट्रक्चर का उद्घाटन भी किया जाएगा. शिक्षा, आवासीय विद्यालयों, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि, खेल और प्रशासनिक सुविधाओं से जुड़ी इमारतों और परियोजनाओं को भी जनता को समर्पित किया जाएगा.
14,450 करोड़ की परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला
प्रधानमंत्री करीब 14,450 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इनमें 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाला साहेबगंज-अरेराज-बेतिया NH-139W का फोरलेनिंग प्रोजेक्ट प्रमुख है.
इसके अलावा पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट (3×800 मेगावाट) के लिए करीब 3,350 करोड़ रुपये की पावर इवैक्यूएशन परियोजना की आधारशिला रखी जाएगी.
शहरी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए बेगूसराय, बिहारशरीफ, पूर्णिया, हाजीपुर, मोतिहारी, दानापुर, खगड़िया, समस्तीपुर, बोधगया, सीतामढ़ी और सहरसा समेत कई शहरों में सीवरेज और जलापूर्ति परियोजनाओं की शुरुआत के लिए शिलान्यास होगा.
इसके अलावा नहर प्रणालियों के आधुनिकीकरण, डॉ. भीमराव आंबेडकर आवासीय विद्यालयों, IIT पटना रिसर्च पार्क और हॉस्टल, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक संस्थानों तथा आपातकालीन प्रतिक्रिया और पुलिस डेटा सेंटर से जुड़े प्रोजेक्ट भी शामिल हैं.
100 PM ई-बसों को दिखाएंगे हरी झंडी, 26,900 परिवारों को मिलेगा घर
प्रधानमंत्री मोदी बिहार में 100 PM-eBuses को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. इससे राज्य में स्वच्छ और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा मिलेगा.
वहीं, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 26,900 से अधिक लाभार्थियों का गृह प्रवेश भी कराया जाएगा. यह कार्यक्रम शहरी परिवारों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में एक अहम कदम होगा.
यह भी पढ़ें- दिल्ली से हापुड़ जाना हुआ आसान, हर 20 मिनट में मिलेगी इलेक्ट्रिक बस, किराया 124 रुपये, जानें पूरा रूट
यह भी पढ़ें- टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘Vajr’ में विलेन बनेंगे मोहित मलिक, पहली बार पर्दे पर होगा दोनों का आमना-सामना


