Kanpur New City Scheme: कानपुर में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है. कानपुर विकास प्राधिकरण (KDA) जल्द ही न्यू कानपुर सिटी योजना को आम जनता के लिए लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. योजना का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कराने की कोशिश की जा रही है. इसके लिए केडीए ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर समय मांगा है. पहले चरण में 597 आवासीय भूखंडों की बिक्री की जाएगी. इनकी कीमत 50 से 60 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर रहने की संभावना है.
पहले फेज में मिलेंगे 597 आवासीय भूखंड
न्यू कानपुर सिटी योजना को तीन चरणों में विकसित किया जा रहा है. इसका कुल क्षेत्रफल 153.31 हेक्टेयर है. पहले चरण में 55.59 हेक्टेयर जमीन पर 597 भूखंड विकसित किए गए हैं. केडीए अब इनके आवेदन लेने और लॉटरी के माध्यम से आवंटन की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी कर रहा है.
हालांकि, अभी भूखंडों की अंतिम कीमत तय नहीं हुई है. माना जा रहा है कि इनकी दर 50 से 60 हजार रुपये प्रति वर्ग मीटर के बीच रखी जा सकती है.
75 करोड़ रुपये से होगा विकास कार्य
केडीए इस योजना में बुनियादी सुविधाएं विकसित करने पर करीब 75 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है. इसके तहत ड्रेनेज सिस्टम, सीवर लाइन, पेयजल व्यवस्था और सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है.
खास बात यह है कि योजना को उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) से भी मंजूरी मिल चुकी है. इसके बाद योजना को आम लोगों के लिए खोलने की तैयारी तेज हो गई है.
1996 से चल रही थी योजना की तैयारी
मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच न्यू कानपुर सिटी योजना को विकसित करने की कवायद वर्ष 1996 से चल रही है. लंबे समय से अटकी इस योजना को अब तीन चरणों में जमीन पर उतारने की तैयारी है. पहले चरण के 597 भूखंडों की बिक्री शुरू होने के बाद लोगों को कानपुर में आवासीय प्लॉट खरीदने का मौका मिलेगा.
केडीए के अधिशासी अभियंता अमन तिवारी के मुताबिक, न्यू कानपुर सिटी योजना लॉन्च करने की तैयारी चल रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कार्यक्रम के लिए समय मांगा जा रहा है. भूखंडों की बिक्री की कीमत अभी तय की जानी बाकी है.
महावीर नगर विस्तार में भी लॉन्च होंगे 100 प्लॉट
न्यू कानपुर सिटी योजना के अलावा केडीए महावीर नगर विस्तार में भी करीब 100 भूखंड लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. इसके लिए दीपावली के आसपास आवेदन प्रक्रिया शुरू करने की योजना है. इससे कानपुर में आवासीय भूखंड खरीदने की तैयारी कर रहे लोगों को एक और विकल्प मिल सकता है.
यह भी पढ़ें- गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे के पास बनेगी नई टाउनशिप, दो चरणों में होगा प्लॉट आवंटन


