Prayagraj Metro Project: संगम नगरी प्रयागराज में मेट्रो ट्रेन दौड़ाने की तैयारी ने रफ्तार पकड़ ली है. शहर को आधुनिक सार्वजनिक परिवहन की सौगात देने के लिए करीब 12 हजार करोड़ रुपये की लागत से 44 किलोमीटर लंबा मेट्रो नेटवर्क विकसित करने की योजना तैयार की गई है. इस परियोजना में दो कॉरिडोर, 33 स्टेशन और दो डिपो प्रस्तावित हैं. खास बात यह है कि परेड मैदान पर इंटरचेंज स्टेशन बनाया जाएगा, जहां से यात्रियों को झूंसी, फाफामऊ, एयरपोर्ट और नैनी की ओर जाने के लिए मेट्रो की सुविधा मिलेगी.
शासन को भेजी गई डीपीआर, अब केंद्र की मंजूरी का इंतजार
प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) ने मेट्रो परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) शासन को भेज दी है. रेल इंडिया टेक्निकल एंड इकोनॉमिक सर्विस (राइट्स) ने करीब 12 हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना की रिपोर्ट तैयार की है. अब शासन के माध्यम से डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जाएगी. केंद्र से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर काम शुरू होने का रास्ता साफ होगा.
दो कॉरिडोर में बंटेगा 44 किलोमीटर का मेट्रो नेटवर्क
प्रस्तावित मेट्रो नेटवर्क को पूरब-पश्चिम और उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर में बांटा गया है. पहले कॉरिडोर में प्रयागराज एयरपोर्ट से सूबेदारगंज तक करीब छह किलोमीटर भूमिगत ट्रैक बनाया जाएगा. इसके बाद सूबेदारगंज से सिटी लेक फॉरेस्ट तक लगभग 17 किलोमीटर का एलिवेटेड ट्रैक प्रस्तावित है.
वहीं, दूसरा कॉरिडोर शांतिपुरम से छिवकी तक करीब 21 किलोमीटर लंबा होगा. यह पूरी तरह एलिवेटेड रहेगा और फाफामऊ, तेलियरगंज, मिंटो पार्क समेत कई प्रमुख इलाकों को जोड़ेगा.
परेड मैदान बनेगा मेट्रो का बड़ा जंक्शन
इस परियोजना की सबसे खास बात परेड मैदान पर प्रस्तावित इंटरचेंज स्टेशन है. यहां दोनों कॉरिडोर आपस में जुड़ेंगे. इससे यात्रियों को एक कॉरिडोर से दूसरे कॉरिडोर में जाने की सुविधा मिलेगी. झूंसी, फाफामऊ, एयरपोर्ट और नैनी जैसे प्रमुख क्षेत्रों तक पहुंचना आसान हो सकेगा.
कुंभ और माघ मेले के दौरान भी यह व्यवस्था काफी महत्वपूर्ण साबित हो सकती है. देश-विदेश से प्रयागराज आने वाले श्रद्धालुओं को संगम क्षेत्र के नजदीक परेड मैदान से शहर के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचने का विकल्प मिलेगा.
कहां-कहां बनेंगे मेट्रो स्टेशन?
प्रयागराज एयरपोर्ट, ट्रिपलआईटी, कालिंदीपुरम, सूबेदारगंज, लॉरेंस रोड, हाईकोर्ट, प्रयागराज जंक्शन, सिविल लाइंस बस अड्डा, सिविल लाइंस, मेडिकल चौराहा, मधवापुर, परेड मैदान (इंटरचेंज), संगम, आजाद नगर, झूंसी, त्रिवेणीपुरम और सिटी लेक फॉरेस्ट.
उत्तर से दक्षिण कॉरिडोर के प्रस्तावित स्टेशन
शांतिपुरम, गंगा नगर, फाफामऊ, पीतांबर नगर, एमएनएनआईटी, तेलियरगंज, मजार चौराहा, यूनिवर्सिटी रोड, कर्नलगंज, प्रीतम गंज, परेड मैदान (इंटरचेंज), मिंटो पार्क, महेवा पट्टी, अंबेडकर नगर, अरैल, नैनी बाजार रोड, नैनी और छिवकी.
गंगापार और यमुनापार में बनेंगे दो डिपो
मेट्रो के संचालन और रखरखाव के लिए दो डिपो भी प्रस्तावित किए गए हैं. इनमें पहला डिपो गंगापार में खानूपुर के पास और दूसरा यमुनापार में टीएसएल की जमीन के पास बनाया जाएगा. इन डिपो में मेट्रो ट्रेनों के रखरखाव और अन्य परिचालन संबंधी कार्य किए जाएंगे.
पीडीए के उपाध्यक्ष ऋषि राज के मुताबिक, मेट्रो रेल की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है. शासन के माध्यम से इसे केंद्र सरकार को प्रेषित किया जाएगा. वहां से मंजूरी मिलने के बाद परियोजना पर काम शुरू होगा. इसके निर्माण पर करीब 12 हजार करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है.
अब प्रयागराज की लाइफलाइन बदलने की तैयारी है. हालांकि, मेट्रो का सपना हकीकत में बदलने के लिए अभी केंद्र सरकार की अंतिम मंजूरी का इंतजार करना होगा.
यह भी पढ़ें- IRCTC की टिकट बुकिंग वेबसाइट बंद होने की खबरों पर रेलवे का बड़ा बयान, 10 से 10:40 बजे तक क्या हुआ था?
यह भी पढ़ें- यूपी से बंगाल पहुंचना होगा आसान! 73 हजार करोड़ से बनेगा गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे, 164 गांवों की जमीन होगी अधिग्रहित


