Greater Noida West Metro: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए सार्वजनिक परिवहन की राह आसान होने जा रही है. लंबे समय से अटकी एक्वा मेट्रो विस्तार परियोजना को केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने का दावा किया गया है. करीब 1500 करोड़ रुपये की लागत से नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 (किसान चौक) तक 8.5 किलोमीटर लंबा मेट्रो कॉरिडोर बनाया जाएगा. इस रूट पर पांच स्टेशन प्रस्तावित हैं. परियोजना से करीब 8 लाख लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है.
2016 से अटकी थी परियोजना, अब निर्माण की तैयारी
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो पहुंचाने की योजना वर्ष 2016 में तैयार की गई थी. लेकिन अलग-अलग स्तर पर मंजूरी और अन्य औपचारिकताओं के चलते परियोजना लंबे समय तक अटकी रही. अब केंद्रीय कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (NMRC) ने आगे की प्रक्रिया तेज कर दी है.
जानकारी के मुताबिक, परियोजना का टेंडर अगले सप्ताह तक जारी करने की तैयारी है. नए साल में निर्माण कार्य शुरू कराने का लक्ष्य रखा गया है. हालांकि, निर्माण शुरू होने की तारीख और उद्घाटन कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.
सेक्टर-51 से किसान चौक तक दौड़ेगी मेट्रो
इस विस्तार परियोजना के तहत नोएडा के सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 यानी किसान चौक के पास तक मेट्रो कनेक्टिविटी विकसित की जाएगी. करीब 8.5 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर पांच स्टेशन बनाए जाने प्रस्तावित हैं.
प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन
- सेक्टर-61
- सेक्टर-70
- सेक्टर-122
- सेक्टर-123
- ग्रेटर नोएडा सेक्टर-4 (किसान चौक)
इस रूट के शुरू होने से ग्रेनो वेस्ट के निवासियों को नोएडा आने-जाने के लिए सार्वजनिक परिवहन का बेहतर विकल्प मिलेगा.
गौड़ चौक और किसान चौक पर जाम से मिलेगी राहत
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में तेजी से बढ़ती आबादी के साथ यातायात का दबाव भी बढ़ा है. गौड़ चौक, किसान चौक और नोएडा की ओर जाने वाले रास्तों पर अक्सर जाम की समस्या रहती है. मेट्रो विस्तार से रोजाना सफर करने वाले नौकरीपेशा लोगों, छात्रों और अन्य यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है. निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम हो सकती है.
केंद्र, यूपी सरकार और प्राधिकरण मिलकर उठाएंगे खर्च
परियोजना की अनुमानित लागत करीब 1500 करोड़ रुपये बताई गई है. इसके लिए केंद्र सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार, नोएडा प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण अपनी-अपनी हिस्सेदारी के अनुसार फंड उपलब्ध कराएंगे. एनएमआरसी इस परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया में जुटा है.
आरआरटीएस परियोजना से अलग होगा मेट्रो कॉरिडोर
ग्रेटर नोएडा वेस्ट का यह मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित आरआरटीएस रूट से अलग होगा. हालांकि, भविष्य में इसे क्षेत्रीय परिवहन नेटवर्क से जोड़ने की योजना भी अहम मानी जा रही है. प्रस्तावित आरआरटीएस कनेक्टिविटी के जरिए गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट तक आवागमन आसान बनाने की परिकल्पना है.
इससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा के यात्रियों को मेट्रो के साथ क्षेत्रीय रैपिड ट्रांजिट सिस्टम का भी लाभ मिल सकेगा.
पीएम मोदी कर सकते हैं औपचारिक शुरुआत
परियोजना से जुड़े घटनाक्रम के अनुसार, दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों एक्वा मेट्रो विस्तार और लिंक लाइन की औपचारिक शुरुआत कराने की संभावना जताई गई है. हालांकि, उद्घाटन की तारीख और कार्यक्रम को लेकर आधिकारिक घोषणा होना बाकी है. करीब दस साल से इंतजार कर रहे ग्रेटर नोएडा वेस्ट के निवासियों के लिए यह परियोजना बड़ी राहत साबित हो सकती है. अब लोगों की नजरें टेंडर जारी होने और जमीन पर निर्माण कार्य शुरू होने पर टिकी हैं.
यह भी पढ़ें- Yuge Yugeen Bharat Museum: नॉर्थ-साउथ ब्लॉक में बनेगा भव्य संग्रहालय, कैबिनेट ने 3,230 करोड़ रुपये को दी मंजूरी
यह भी पढ़ें- Indian Visa Rules: भारत आने वाले विदेशियों के लिए वीजा प्रक्रिया आसान, 13 की जगह अब 9 मुख्य कैटेगरी


