लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को समाजवादी पार्टी (SP) पर तीखा हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि 2017 से पहले प्रदेश में युवाओं को समय पर पढ़ाई, परीक्षा और नौकरी तक नहीं मिल पाती थी. भर्ती निकलते ही कथित तौर पर चाचा-भतीजे की जोड़ी वसूली के लिए निकल पड़ती थी. मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछली सरकार में बिना खर्ची-पर्ची और सिफारिश के नौकरी मिलना मुश्किल था.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लखनऊ में जनजातीय गौरव दिवस और भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर आयोजित टैबलेट वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को चार बार प्रदेश में सरकार चलाने का अवसर मिला, लेकिन वह युवाओं को रोजगार देने में सफल नहीं रही.
पहले परीक्षा कोई देता था, नियुक्ति पत्र किसी और को मिलता था
सीएम योगी ने पिछली सरकार की भर्ती प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि उस दौर में ‘मुन्ना भाई’ जरूर पैदा हुए. परीक्षा कोई और देता था और नियुक्ति पत्र किसी दूसरे व्यक्ति को मिल जाता था. उन्होंने आरोप लगाया कि सैफई सिंडिकेट ने भर्तियों में ऐसे लोगों को भर दिया था.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने ऐसी नियुक्तियों और भर्तियों को रद्द किया तथा अब प्रदेश में पारदर्शिता और ईमानदारी के साथ भर्ती प्रक्रिया पूरी की जा रही है.
साढ़े नौ साल में 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने अपनी सरकार का रिपोर्ट कार्ड पेश करते हुए कहा कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के 9.5 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है. उन्होंने बताया कि आगामी 26 जनवरी तक एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की तैयारी चल रही है.
उन्होंने विभिन्न विभागों में हुई नियुक्तियों का ब्यौरा देते हुए बताया कि शिक्षा विभाग में 3,568, पंचायती राज विभाग में 1,375, कुशल खिलाड़ियों के रूप में 470, फॉरेंसिक साइंस में 28, पुलिस विभाग में 4,543 और राजस्व विभाग में 1,146 नियुक्तियां की गई हैं.
सीएम योगी के मुताबिक, 8,000 लेखपालों, 32,000 पुलिसकर्मियों और 42,000 होमगार्ड की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है. उन्होंने कहा कि अगले 10 दिनों में 42,000 होमगार्ड को नियुक्ति पत्र देने का प्रयास किया जा रहा है. इसके अलावा शिक्षा विभाग और विभिन्न आयोगों के माध्यम से भी बड़े पैमाने पर नियुक्तियां प्रस्तावित हैं.
अब यूपी में न कर्फ्यू है, न दंगा
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी पिछली सरकारों को घेरा. उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति ने उत्तर प्रदेश की छवि और पहचान बदल दी है. अब प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगे. माफिया मिट्टी में मिल चुके हैं और दंगाई छिपते फिर रहे हैं.
उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों और नकल माफिया के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है. पहले दूसरे राज्यों में उत्तर प्रदेश का नाम सुनकर लोग दूरी बना लेते थे, लेकिन आज प्रदेश के युवाओं, व्यापारियों और बेटियों को देश-दुनिया में सम्मान मिल रहा है.
योगी ने कहा कि कभी बीमारू राज्य की पहचान रखने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है. पिछली सरकारें 25 करोड़ से अधिक आबादी को बोझ मानती थीं, जबकि उनकी सरकार इसे जनसांख्यिकीय लाभांश मानकर युवाओं को अवसर उपलब्ध करा रही है.
50 हजार से अधिक विद्यार्थियों को बांटे गए टैबलेट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तिकरण योजना के तहत 25 लाख टैबलेट वितरण अभियान के दूसरे चरण की शुरुआत की. इस अवसर पर लखनऊ मंडल के लखनऊ, हरदोई, सीतापुर और उन्नाव के 300 से अधिक शिक्षण संस्थानों के 50 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों और प्रशिक्षुओं को टैबलेट वितरित किए गए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि टैबलेट केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य को सुरक्षित और बेहतर बनाने की चाबी है. उन्होंने विद्यार्थियों से डिजिटल लाइब्रेरी से जुड़ने और इन उपकरणों का इस्तेमाल ज्ञान, नवाचार और राष्ट्र निर्माण के लिए करने की अपील की.
उन्होंने बताया कि युवाओं की जरूरत और मांग को देखते हुए सरकार ने अपनी नीति में बदलाव कर स्मार्टफोन के स्थान पर टैबलेट देने का निर्णय लिया.
18 हजार से अधिक कोर्स की मुफ्त अध्ययन सामग्री मिलेगी
सीएम योगी ने बताया कि टैबलेट में इंफोसिस के सहयोग से योग, गणित, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीप टेक्नोलॉजी सहित 18 हजार से अधिक पाठ्यक्रमों की अध्ययन सामग्री मुफ्त उपलब्ध कराई जा रही है.
इसके अलावा ‘युवा साथी’ ऐप के माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी भी मिलेगी. इसमें छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, पीएम इंटर्नशिप, सीएम इंटर्नशिप, सीएम युवा और पीएम मुद्रा योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हर साल दो लाख से अधिक STEM स्नातक तैयार होते हैं. इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक और व्यावसायिक शिक्षा के क्षेत्र में भी प्रदेश अग्रणी राज्यों में शामिल है. टाटा, सैमसंग, हिंदुजा और एचसीएल जैसी वैश्विक कंपनियां कौशल प्रशिक्षण में सहयोग कर रही हैं.
बिरसा मुंडा की जयंती पर युवाओं को दिया प्रेरणा का संदेश
कार्यक्रम के लिए 15 नवंबर की तारीख चुनने का महत्व बताते हुए मुख्यमंत्री ने भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को याद किया. उन्होंने कहा कि महज 25 वर्ष की उम्र में बिरसा मुंडा ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला दी थी. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप नए भारत के निर्माण का काम आगे बढ़ रहा है.
उन्होंने बताया कि स्वामी विवेकानंद के नाम पर युवा सशक्तिकरण अभियान की शुरुआत 25 दिसंबर 2021 को अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती पर कोरोना महामारी के दौरान की गई थी. इसके तहत दो करोड़ युवाओं को टैबलेट और स्मार्टफोन देने का लक्ष्य रखा गया था. पहले चरण में 60 लाख विद्यार्थियों को डिजिटल डिवाइस दिए गए.
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की करीब 56 प्रतिशत और उत्तर प्रदेश की 56 से 60 प्रतिशत आबादी युवा है. उन्होंने भगवान राम, भगवान कृष्ण, महात्मा बुद्ध, आदि शंकराचार्य, अभिमन्यु, गुरु गोबिंद सिंह, रानी लक्ष्मीबाई, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और चंद्रशेखर आजाद के उदाहरण देकर युवाओं को दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित किया.
18 साल पूरे करने वाले युवाओं से वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने की अपील
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं से लोकतंत्र में भागीदारी बढ़ाने की अपील भी की. उन्होंने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूरी हो रही है, वे अपना नाम मतदाता सूची में जरूर दर्ज कराएं.
उन्होंने कहा कि मतदाता बनना लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने का अभियान है. किसी अपात्र व्यक्ति का मतदाता बनना पात्र व्यक्ति के अधिकार को छीनने जैसा है. युवाओं को अपने संवैधानिक अधिकारों के साथ-साथ जिम्मेदारियों को भी समझना चाहिए.
यह भी पढ़ें- ‘रामायण’ में भगवान इंद्र बने कुणाल कपूर को दुनियाभर से मिल रहा प्यार, अभिनेता ने जताया आभार
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व पर सोनिया विहार घाट पहुंचीं CM रेखा गुप्ता, डूबते सूर्य को दिया अर्घ्य, केजरीवाल और अधीर रंजन ने भी दी शुभकामनाएं


