Ustad Bismillah Khan News: उत्तर प्रदेश में भारत रत्न से सम्मानित शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर बुलडोजर कार्रवाई को लेकर सियासत तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को इस कार्रवाई को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी और उसके सहयोगी दल कला और कलाकारों के विरोधी हैं. अखिलेश यादव ने कहा कि कलाकार समाज में बदलाव की जमीन तैयार करते हैं और सकारात्मक कला लोगों में सहानुभूति व सहिष्णुता की भावना पैदा करती है. उन्होंने ऐलान किया कि अगर समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है तो उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की संगीत विरासत को सहेजने के लिए एक ‘लिसनिंग म्यूजियम’ बनाया जाएगा.
बिस्मिल्लाह खान के घर पर बुलडोजर कार्रवाई से नाराज अखिलेश
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी सरकार की कार्रवाई पर सवाल उठाए. उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, ‘जिनके यहां शहनाई नहीं बजती, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है.’ उन्होंने बीजेपी और उसके सहयोगी दलों पर कला एवं कलाकारों को अपनी राजनीतिक विचारधारा के लिए बाधा मानने का आरोप लगाया.
सपा प्रमुख ने कहा कि रचनात्मक लोग सामाजिक बदलाव की परिस्थितियां तैयार करते हैं. सकारात्मक कला समाज में सहानुभूति और सहिष्णुता को बढ़ावा देती है, लेकिन संकीर्ण सोच रखने वाले लोग कला को भी अपने एजेंडे के नजरिए से देखते हैं.
‘बिस्मिल्लाह खान की विरासत मिटाना देश का सम्मान मिटाने जैसा’
अखिलेश यादव ने उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की विरासत का जिक्र करते हुए कहा कि भारत रत्न से सम्मानित शख्सियत की साझा विरासत को नष्ट करना केवल उनके मान-सम्मान को नुकसान पहुंचाना नहीं है, बल्कि यह देश के सम्मान को भी ठेस पहुंचाने जैसा है.
उन्होंने बीजेपी पर नफरत की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा कि नफरत की आग में जलकर पार्टी देश को नुकसान पहुंचा रही है. उनके इस बयान के बाद बुलडोजर कार्रवाई को लेकर राजनीतिक बहस तेज हो गई है.
सरकार बनी तो बनाएंगे ‘लिसनिंग म्यूजियम’
सपा प्रमुख ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो उस्ताद बिस्मिल्लाह खान की संगीत विरासत को संरक्षित करने के लिए एक विशेष ‘लिसनिंग म्यूजियम’ बनाया जाएगा. इस म्यूजियम के जरिए शहनाई के महान कलाकार की संगीत साधना और उनकी विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा.
अखिलेश यादव ने इस पूरी कार्रवाई को बेहद निंदनीय बताते हुए बीजेपी सरकार पर कला और सांस्कृतिक विरासत के प्रति संवेदनहीन होने का आरोप लगाया.


