नई दिल्ली: भारतीय रेलवे की माल ढुलाई व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक और अहम कदम उठाया जा रहा है. रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) को आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित वाडलापुडी वर्कशॉप के विस्तार से जुड़े बड़े प्रोजेक्ट में सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी घोषित किया गया है. करीब 348.49 करोड़ रुपये की लागत वाले इस प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद वर्कशॉप में हर महीने ओवरहॉल होने वाले मालवाहक वैगनों की संख्या दोगुनी हो जाएगी. इससे रेलवे की मालगाड़ियों के रखरखाव की क्षमता बढ़ने की उम्मीद है.
RVNL ने रविवार को शेयर बाजार को दी गई जानकारी में बताया कि वह ईस्ट कोस्ट रेलवे के इस प्रोजेक्ट में L1 यानी सबसे कम बोली लगाने वाली कंपनी बनी है. हालांकि, कंपनी ने अभी औपचारिक रूप से प्रोजेक्ट मिलने की घोषणा नहीं की है.
300 से बढ़कर 600 वैगन होगी हर महीने ओवरहॉलिंग क्षमता
इस परियोजना का सबसे बड़ा उद्देश्य वाडलापुडी वर्कशॉप की क्षमता को बढ़ाना है. फिलहाल यहां हर महीने करीब 300 मालवाहक वैगनों की ओवरहॉलिंग की क्षमता है. प्रोजेक्ट पूरा होने के बाद यह बढ़कर 600 वैगन प्रतिमाह हो जाएगी.
रेलवे की भाषा में POH यानी पीरियॉडिक ओवरहॉलिंग का मतलब निर्धारित समय पर मालवाहक वैगनों की विस्तृत जांच, मरम्मत और रखरखाव करना होता है. इससे वैगनों की सुरक्षा और परिचालन क्षमता बनाए रखने में मदद मिलती है.
348.49 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट, 24 महीने में पूरा करने का लक्ष्य
RVNL की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस परियोजना की कुल लागत टैक्स सहित 348.49 करोड़ रुपये है. इसे इंजीनियरिंग, प्रोक्योरमेंट और कंस्ट्रक्शन (EPC) मॉडल के तहत पूरा किया जाएगा.
प्रोजेक्ट के लिए 24 महीने की समयसीमा तय की गई है. यह वर्कशॉप ईस्ट कोस्ट रेलवे के वाल्टेयर डिवीजन के अंतर्गत आती है.
RVNL ने ही तैयार की थी मौजूदा वाडलापुडी वर्कशॉप
खास बात यह है कि वाडलापुडी की मौजूदा वर्कशॉप को भी RVNL ने ही तैयार किया था. कंपनी की 2020-21 की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक, इस सुविधा का निर्माण रेलवे की 203 एकड़ जमीन पर किया गया था.
इस वर्कशॉप में वैगनों की मरम्मत और आवाजाही के लिए शेड के साथ तीन रेल लाइनें भी बनाई गई थीं. मूल वर्कशॉप की निर्माण लागत करीब 360 करोड़ रुपये बताई गई थी.
2015-16 के रेल बजट में मिली थी मंजूरी
वाडलापुडी वर्कशॉप को 2015-16 के रेल बजट में मंजूरी दी गई थी. रेल मंत्रालय ने 2016 में बताया था कि ईस्ट कोस्ट रेलवे की ओर से किए गए व्यवहार्यता अध्ययन के बाद इस स्थान का चयन किया गया.
इसके पीछे रेलवे की जमीन और पानी की उपलब्धता, परिचालन से जुड़े फायदे और लागत में बचत जैसे कारण अहम रहे थे.
अब इस वर्कशॉप की क्षमता दोगुनी करने की योजना से मालवाहक वैगनों के रखरखाव का काम तेज होने की उम्मीद है. हालांकि, RVNL को अभी औपचारिक प्रोजेक्ट अवॉर्ड का इंतजार है.
यह भी पढ़ें- यूपी चुनाव 2027: सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर कल से मंथन, दिल्ली में दो दिन चलेगी अहम बैठक


