Noida News: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने का रास्ता जल्द आसान होने वाला है. एयरपोर्ट को जोड़ने वाले ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से इस परियोजना को वर्ष 2027 की शुरुआत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. निर्माण कार्य की रफ्तार को देखते हुए मोहना से नरहावली गांव तक मिट्टी पर बनने वाला करीब 90 प्रतिशत हिस्सा तैयार हो चुका है. इस हिस्से में सड़क निर्माण के साथ साइन बोर्ड लगाने का काम भी पूरा कर लिया गया है. वहीं, सड़क किनारे लाइटें भी लगाई जा चुकी हैं.
करीब 4,600 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की लंबाई 32 किलोमीटर है. इसके निर्माण से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और आसपास के इलाकों के बीच कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है. परियोजना का 23 किलोमीटर हिस्सा हरियाणा में और नौ किलोमीटर हिस्सा उत्तर प्रदेश में बनाया जा रहा है.
नरहावली से बल्लभगढ़ तक पिलर पर बन रहा एक्सप्रेसवे
एक्सप्रेसवे के निर्माण में अलग-अलग तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है. मोहना से नरहावली गांव तक का हिस्सा जमीन पर मिट्टी डालकर तैयार किया जा रहा है, जबकि नरहावली से बल्लभगढ़ की ओर जाने वाला हिस्सा पिलर पर बनाया जा रहा है.
निर्माण कार्य में जुटे एक कर्मचारी के मुताबिक, मोहना से करीब तीन किलोमीटर दूर नरहावली गांव तक सड़क का अधिकांश काम पूरा हो चुका है. हालांकि, अहमदपुर के पास एक छोटे हिस्से में अभी सड़क डालने का काम बाकी है.
NHAI ने बताई निर्माण की स्थिति
NHAI के परियोजना निदेशक धीरज सिंह ने बताया कि ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य लगातार जारी है. विभाग की कोशिश है कि निर्धारित समयसीमा के भीतर परियोजना को पूरा कर लिया जाए. उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले साल तक एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य पूरा हो जाएगा.
एक्सप्रेसवे के तैयार होने से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचने के लिए एक और अहम सड़क मार्ग उपलब्ध होगा. इससे हरियाणा और उत्तर प्रदेश के बीच आवागमन को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- लखनऊ में 52 मेधावी प्रशिक्षुओं को सम्मानित करेंगे PM मोदी, यूपी के 6 युवाओं को मिलेगा पुरस्कार, राजनाथ और योगी भी रहेंगे मौजूद
यह भी पढ़ें- राजस्थान में मिस्त्री की बीवी ने आशिक संग मिलकर पति को मार डाला


