Delhi pollution: दिल्ली-NCR में सर्दियों के दौरान बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सख्ती बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. आयोग के सदस्य सचिव तरुण कुमार पिथोड़े ने दिल्ली-NCR और आसपास के क्षेत्रों के जिलाधिकारियों (DM) और उपायुक्तों (DC) के साथ समीक्षा बैठक की. इसमें सर्दियों में प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और जिला कार्ययोजना-2027 (District Action Plans 2027) की समीक्षा की गई. बैठक में अगले साल प्रदूषण के स्तर में 15 से 20 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य रखा गया है.
आयोग ने स्पष्ट किया कि प्रदूषण नियंत्रण के लिए तय लक्ष्यों को पूरा करने की जिम्मेदारी अधिकारियों की होगी. इसके लिए संबंधित अधिकारियों को सीधे जवाबदेह बनाया गया है, ताकि जमीनी स्तर पर योजनाओं का प्रभावी तरीके से पालन कराया जा सके.
दिल्ली का AQI 249, पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित
प्रदूषण नियंत्रण की तैयारियों के बीच सोमवार सुबह भी दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 8 बजे राजधानी का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 249 दर्ज किया गया.
निगरानी केंद्रों में पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित रहा, जहां AQI 282 रिकॉर्ड किया गया. इसके बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 AQI दर्ज हुआ. ये सभी इलाके खराब श्रेणी में रहे.
प्रदूषण नियंत्रण में राज्यों की खुली पोल
इससे पहले CAQM ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लागू करने के प्रदर्शन की समीक्षा के लिए 2026 की रिपोर्ट कार्ड प्रक्रिया शुरू की थी. अक्टूबर तक के आंकड़ों पर आधारित इस रिपोर्ट में औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और वायु गुणवत्ता निगरानी जैसे क्षेत्रों में कई कमियां सामने आईं.
रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 ग्रीन शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक किसी भी राज्य में एक भी ग्रीन शवदाह गृह स्थापित नहीं हुआ था.
औद्योगिक इकाइयों के निरीक्षण में पिछड़े कई राज्य
औद्योगिक प्रदूषण पर निगरानी के मामले में भी लक्ष्य से काफी कम काम हुआ. चारों राज्यों और दिल्ली में कुल 11,607 औद्योगिक निरीक्षण किए जाने थे, लेकिन 31 अक्टूबर तक केवल 2,584 निरीक्षण ही पूरे हो सके.
दिल्ली ने 979 के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण कर लक्ष्य पार किया. वहीं हरियाणा में 3,865 के लक्ष्य के मुकाबले सिर्फ 177, राजस्थान में 2,974 के मुकाबले 68 और उत्तर प्रदेश में 3,789 के मुकाबले 730 निरीक्षण हुए.
हरियाणा में प्रदूषण निगरानी स्टेशन लगाने में भी देरी
लगातार वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए कंटीन्यूअस एम्बिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन (CAAQMS) लगाने के मामले में भी राज्यों का प्रदर्शन असमान रहा.
कुल 72 स्टेशनों के लक्ष्य के मुकाबले 44 स्टेशन ही लगाए जा सके. दिल्ली ने 19 के लक्ष्य को पूरा किया, जबकि उत्तर प्रदेश ने 25 में से 22 स्टेशन स्थापित किए. राजस्थान में 5 में से 3 स्टेशन लगे. हरियाणा में 23 स्टेशनों के लक्ष्य के मुकाबले एक भी स्टेशन स्थापित नहीं हुआ.
कंस्ट्रक्शन वेस्ट और लैंडफिल कचरा बना बड़ी चुनौती
निर्माण और तोड़फोड़ से निकलने वाले कचरे (C&D Waste) के निस्तारण में भी कई कमियां सामने आईं. चारों राज्यों और दिल्ली में प्रतिदिन 1,565 टन कचरा प्रोसेस करने की क्षमता विकसित करने का लक्ष्य था, जिसके मुकाबले 1,350 टन प्रतिदिन की क्षमता हासिल हुई.
प्रोसेस किए गए कचरे के इस्तेमाल में भी बड़ी कमी रही. सरकारी और निजी एजेंसियों द्वारा कुल 32.22 लाख मीट्रिक टन प्रोसेस्ड कचरे के उपयोग का लक्ष्य था, लेकिन उपलब्धि करीब 11.92 लाख मीट्रिक टन ही रही.
वहीं पुराने कचरे के निस्तारण के मामले में 156.67 लाख मीट्रिक टन के लक्ष्य के मुकाबले 90.49 लाख मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण हुआ. अभी भी 66.18 लाख मीट्रिक टन पुराने कचरे का निस्तारण बाकी है. दिल्ली के ओखला, भलस्वा और गाजीपुर लैंडफिल साइट पर भी बड़ी मात्रा में कचरा निस्तारण की चुनौती बनी हुई है.
सार्वजनिक परिवहन बढ़ाने का लक्ष्य भी अधूरा
वाहनों से होने वाले प्रदूषण को कम करने के लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था मजबूत करने पर भी जोर दिया गया है. रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली-NCR और संबंधित राज्यों में 3,645 अतिरिक्त सिटी बसें जोड़ने का लक्ष्य था, लेकिन अक्टूबर तक केवल 1,893 बसें ही जोड़ी जा सकीं.
दिल्ली ने 2,395 के लक्ष्य के मुकाबले 1,703 बसें जोड़ीं. हरियाणा में 875 के लक्ष्य के मुकाबले 70 बसें आईं, जबकि राजस्थान में 100 बसें जोड़ने के लक्ष्य पर कोई उपलब्धि दर्ज नहीं हुई. उत्तर प्रदेश ने 275 के लक्ष्य के मुकाबले 120 बसें जोड़ीं.
जनवरी 2027 में आएगी अंतिम रिपोर्ट
CAQM ने अपनी रिपोर्ट में राज्यों के प्रदर्शन को तीन श्रेणियों में बांटा है. 100 प्रतिशत लक्ष्य पूरा करने वालों को संतोषजनक, 75 से 100 प्रतिशत से कम उपलब्धि वालों को सुधार की जरूरत और 75 प्रतिशत से कम प्रगति वालों को असंतोषजनक श्रेणी में रखा गया है.
फिलहाल यह रिपोर्ट अक्टूबर 2026 तक की प्रगति पर आधारित है. आयोग की अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी की जाएगी. ऐसे में दिल्ली सरकार और संबंधित राज्यों के पास प्रदूषण नियंत्रण के उपायों को तेज करने और अपने प्रदर्शन में सुधार करने का मौका है.
यह भी पढ़ें- अयोध्या से नेपाल के जनकपुर धाम तक चलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस, PM मोदी और बालेंद्र शाह ने दिखाई हरी झंडी
यह भी पढ़ें- गुजरात के सफारी पार्कों में दिवाली पर उमड़ी भीड़, 80 हजार पर्यटकों से 1.59 करोड़ की कमाई


