Ajit Pal Singh Biography: उत्तर प्रदेश की राजनीति में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने बड़ा राजनीतिक दांव चलते हुए कानपुर देहात की सिकंदरा सीट से विधायक अजीत पाल सिंह का कद और बढ़ा दिया है. योगी सरकार में पहले से राज्य मंत्री रहे अजीत पाल सिंह को अब राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार की जिम्मेदारी सौंप दी गई है. बीजेपी के इस फैसले को सिर्फ मंत्रीमंडल विस्तार नहीं, बल्कि सामाजिक समीकरणों को साधने वाला बड़ा संदेश माना जा रहा है. खासकर पाल समाज के बीच पार्टी अपनी पकड़ और मजबूत करने की तैयारी में दिख रही है.
भारत के सबसे अमीर राज्यों की लिस्ट आई सामने, UP-बिहार का हाल जानकर उड़ जाएंगे होश!
अजीत पाल सिंह का राजनीतिक संघर्ष
अजीत पाल सिंह का राजनीतिक सफर संघर्ष, जिम्मेदारी और भरोसे की कहानी माना जाता है. उनके पिता मथुरा प्रसाद पाल वर्ष 2017 में बीजेपी के टिकट पर सिकंदरा विधानसभा सीट से विधायक बने थे, लेकिन जीत के कुछ समय बाद ही इलाज के दौरान उनका निधन हो गया. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटा, लेकिन बीजेपी ने भरोसा जताते हुए उपचुनाव में उनके सबसे छोटे बेटे अजीत पाल सिंह को मैदान में उतारा. जनता ने भी सहानुभूति और विश्वास के साथ उन्हें भारी समर्थन दिया और वे पहली बार विधायक बने.
इसके बाद अजीत पाल सिंह ने संगठन और सरकार दोनों में अपनी सक्रियता से अलग पहचान बनाई. वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने दोबारा उन पर दांव लगाया और उन्होंने फिर जीत हासिल कर पार्टी का भरोसा कायम रखा. योगी सरकार में उन्हें इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया. अब स्वतंत्र प्रभार मिलने के बाद उनका राजनीतिक प्रभाव और मजबूत माना जा रहा है.
अजीत पाल सिंह के बारे में
अजीत पाल सिंह सिर्फ राजनीति ही नहीं, बल्कि अपनी शिक्षा और तकनीकी समझ को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. बीटेक, एमटेक और एमबीए जैसी उच्च शिक्षा हासिल करने वाले अजीत राजनीति में आने से पहले केमिकल इंजीनियर के रूप में काम कर चुके हैं. यही वजह है कि उन्हें बीजेपी के पढ़े-लिखे और आधुनिक सोच वाले युवा चेहरों में गिना जाता है.
आम के बौर और फलों को तबाह कर रही हैं ये 5 बीमारियां, किसान भाई जानें एक्सपर्ट्स के अचूक उपाय
2027 से पहले पाल वोट बैंक पर फोकस
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बीजेपी ने यह फैसला बेहद सोच-समझकर लिया है. आने वाले विधानसभा चुनाव से पहले पाल समाज को बड़ा संदेश देने और युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की रणनीति के तौर पर इसे देखा जा रहा है. अब यह साफ संकेत माना जा रहा है कि बीजेपी 2027 की तैयारी में सामाजिक समीकरणों और नए नेतृत्व दोनों पर एक साथ फोकस कर रही है.


