Rajasthan Weather Update: जयपुर. राजस्थान में मौसम के मिजाज में लगातार उतार-चढ़ाव जारी है. प्रदेश इस समय दो विपरीत मौसमी परिस्थितियों से जूझ रहा है- एक ओर पश्चिमी जिलों में भीषण लू (Heatwave) का प्रकोप है, तो दूसरी ओर कुछ क्षेत्रों में आंधी और हल्की बारिश की गतिविधियां दर्ज की जा रही हैं. मौसम विभाग (IMD) की ताजा भविष्यवाणी के अनुसार, आगामी दिनों में तापमान में और अधिक बढ़ोतरी होने की आशंका है.
पश्चिमी विक्षोभ के असर से आंधी और बारिश की संभावना
मौसम केंद्र के मुताबिक, एक नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 11 और 12 मई को राजस्थान के उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हिस्सों में मौसम बदल सकता है. इस प्रभाव के चलते बीकानेर संभाग, शेखावाटी क्षेत्र, जयपुर और भरतपुर संभाग के उत्तरी इलाकों में कहीं-कहीं तेज आंधी चलने और हल्की बारिश होने के आसार हैं. हालांकि, राज्य के शेष अधिकांश भागों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा.
इश्क, धोखा और मौत… प्रेमिका की बेवफाई से टूटा पूर्व प्रधान का बेटा, कॉलेज के कमरे में लगा ली फांसी
13 मई से फिर चढ़ेगा पारा
राहत की यह उम्मीद ज्यादा लंबी नहीं टिकेगी. विभाग का कहना है कि 13, 14 और 15 मई से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम फिर से शुष्क हो जाएगा. इस दौरान राज्य के न्यूनतम और अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि दर्ज की जा सकती है, जिससे तपिश और अधिक बढ़ेगी.
पश्चिमी राजस्थान में ‘ऑरेंज अलर्ट’ और गर्म रातें
पश्चिमी राजस्थान के जिलों में अगले 5 से 6 दिनों तक भीषण लू और ‘ऊष्णरात्रि’ (गर्म रातें) होने की प्रबल संभावना है. विशेषकर जोधपुर संभाग के आसपास के क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच सकता है. मौसम विभाग ने पश्चिमी जिलों के लिए अगले दो-तीन दिनों हेतु ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है.
बाड़मेर सबसे गर्म, फतेहपुर में राहत
पिछले 24 घंटों के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में बाड़मेर सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 45.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, सीकर के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान 20.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो राज्य में सबसे कम रहा. चिंताजनक बात यह है कि कई क्षेत्रों में रात के तापमान में 6 डिग्री तक का उछाल देखा गया है.
राजधानी जयपुर का हाल
जयपुर में फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने से गर्मी ने जोर पकड़ लिया है. आज दोपहर शहर का तापमान 39 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, 11 और 12 मई को जयपुर और आसपास के इलाकों में धूल भरी आंधी चलने और बादलों की आवाजाही के साथ छुटपुट बारिश हो सकती है. इसके बाद यहां भी मौसम पूरी तरह शुष्क हो जाएगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी.


