Ayodhya News: डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय, व्यवसाय प्रबंध एवं उद्यमिता विभाग द्वारा “विकसित भारत एवं विकसित उत्तर प्रदेश : 12 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण” विषय पर एक विशेष संगोष्ठी का आयोजन किया गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता विभाग के वरिष्ठ आचार्य एवं निदेशक, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ, प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने की.
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कार्यकारी निदेशक, यस पक्का लिमिटेड के गौतम घोष तथा विशिष्ट अतिथि मुख्य चिकित्सा अधिकारी, डॉ. मनीषा पाण्डेय, एनटीपीसी टांडा, उपस्थित रहीं. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं सम्मान के साथ हुआ. प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने मुख्य अतिथि श्री गौतम घोष को तथा प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा एवं प्रो. नीलम पाठक ने डॉ. मनीषा पाण्डेय को स्मृति चिन्ह एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया.
स्वागत उद्बोधन में प्रो. शैलेन्द्र कुमार वर्मा ने कहा कि विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा जब शिक्षा, कौशल, नवाचार और उद्यमिता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जाए. अपने उदबोधन में गौतम घोष ने कहा कि पिछले बारह वर्षों में भारत ने औद्योगिक विकास, आत्मनिर्भरता, नवाचार तथा विनिर्माण क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियाँ हासिल की हैं.
विशिष्ट अतिथि डॉ. मनीषा पाण्डेय ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित राष्ट्र की आधारशिला होते हैं और युवाओं को स्वास्थ्य जागरूकता तथा सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति संवेदनशील होना चाहिए. छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. नीलम पाठक ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका सर्वाधिक महत्वपूर्ण है.
अध्यक्षीय उदबोधन में प्रो. हिमांशु शेखर सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य केवल आर्थिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें सामाजिक समावेशन, सांस्कृतिक संरक्षण भी आवश्यक है.
पीएम मोदी ने पूरी की ऐतिहासिक स्लोवाकिया यात्रा. G7 शिखर सम्मेलन में भाग लेने फ्रांस रवाना
कार्यक्रम में विभाग के शिक्षकगण डॉ. आशुतोष कुमार पाण्डेय, डॉ. शिरीष अस्थाना, डॉ. अंकिता यादव, डॉ. पवन कुमार, श्री श्याम श्रीवास्तव एवं श्री सूरज सिंह उपस्थित रहे. डॉ. राकेश कुमार ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया.


