कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन लगातार जारी है. ग्लासगो में आयोजित खेलों में भारतीय एथलीट गुलवीर सिंह ने इतिहास रचते हुए पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में रजत पदक जीत लिया. इसके साथ ही वह इस स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष एथलीट बन गए.
वहीं महिला 69 किलोग्राम भारोत्तोलन स्पर्धा में हरजिंदर कौर ने भी रजत पदक जीतकर भारत की झोली में एक और पदक डाला. इन दोनों पदकों के साथ ग्लासगो खेलों में भारत का कुल पदक आंकड़ा 12 तक पहुंच गया है.
दिल्ली में बहस, यूपी पर वार… लोकसभा में अखिलेश के भाषण से समझिए 2027 की रणनीति
गुलवीर सिंह ने बनाया नया इतिहास
मौजूदा एशियाई चैंपियन गुलवीर सिंह ने स्कॉट्सटाउन स्टेडियम में आयोजित पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ 27 मिनट 49.78 सेकंड में पूरी की.
इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने रजत पदक अपने नाम किया. इस स्पर्धा का स्वर्ण पदक ऑस्ट्रेलिया के काई रॉबिन्सन ने जीता, जबकि गुलवीर दूसरे स्थान पर रहे.
गुलवीर की यह उपलब्धि भारतीय एथलेटिक्स के लिए ऐतिहासिक मानी जा रही है, क्योंकि इससे पहले कोई भारतीय इस स्पर्धा में कॉमनवेल्थ गेम्स का पदक नहीं जीत पाया था.
हरजिंदर कौर ने वेटलिफ्टिंग में जीता सिल्वर
भारतीय भारोत्तोलक हरजिंदर कौर ने महिला 69 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 227 किलोग्राम वजन उठाकर रजत पदक हासिल किया.
29 वर्षीय हरजिंदर का यह लगातार दूसरा कॉमनवेल्थ गेम्स पदक है. इससे पहले उन्होंने बर्मिंघम 2022 में कांस्य पदक जीता था.
उनके इस प्रदर्शन के साथ ग्लासगो में वेटलिफ्टिंग की आठ स्पर्धाओं में भारत का यह सातवां पदक भी बन गया.
भारत के खाते में अब 12 पदक
गुलवीर सिंह और हरजिंदर कौर के रजत पदक जीतने के बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत का कुल पदक आंकड़ा 12 हो गया है.
अब तक भारत ने:
- 2 स्वर्ण पदक
- 7 रजत पदक
- 3 कांस्य पदक
अपने नाम किए हैं.
मुक्केबाजी में भारत के चार पदक पक्के
भारतीय मुक्केबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कम से कम चार कांस्य पदक पक्के कर लिए हैं. अब उनका लक्ष्य सेमीफाइनल जीतकर इन पदकों का रंग बदलना होगा.
लवलीना बोरगोहेन ने महिला 75 किलोग्राम वर्ग में भारत के लिए पहला सुनिश्चित पदक हासिल किया.
प्रीति पवार महिला 54 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं.
वहीं प्रिय घंघास ने महिला 60 किलोग्राम क्वार्टर फाइनल में स्कॉटलैंड की नियाम मिशेल को 4-1 से हराकर कम से कम कांस्य पदक पक्का कर लिया.
इसके अलावा जादुमणि सिंह मांडेंगबाम ने पुरुष 55 किलोग्राम वर्ग के सेमीफाइनल में जगह बनाकर भारत के लिए एक और सुनिश्चित पदक तय कर दिया.
स्रोत: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 आयोजन समिति.


