Varanasi News: वाराणसी शहर में बढ़ती यात्री संख्या और सार्वजनिक परिवहन की जरूरत को देखते हुए वाराणसी में इलेक्ट्रिक बसों का नेटवर्क और मजबूत होने जा रहा है. वाराणसी सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (VCTSL) के बेड़े में 250 नई एसी इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी. इसके बाद शहर में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़कर करीब 300 हो जाएगी. इससे शहर के साथ ग्रामीण इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र में बनेगा 450 किलोमीटर लंबा नया एक्सप्रेसवे, 25 हजार करोड़ की परियोजना को मंजूरी
3 से 5 मिनट में मिलेगी बस
क्षेत्रीय प्रबंधक वाराणसी परशुराम पांडेय के अनुसार, 250 नई बसों में 150 बसें 28 सीटर और 100 बसें 38 सीटर होंगी. फिलहाल वाराणसी में 28 सीटर 50 इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं. नई बसें आने के बाद अलग-अलग रूटों पर 3 से 5 मिनट के अंतराल में बस उपलब्ध कराने की योजना है. इससे यात्रियों को बस के लिए ज्यादा देर इंतजार नहीं करना पड़ेगा.
एक चार्ज में 250 किलोमीटर तक चलेगी बस
नई इलेक्ट्रिक बसों की सबसे बड़ी खासियत उनकी लंबी रेंज होगी. पूरी तरह चार्ज होने के बाद ये बसें करीब 250 किलोमीटर तक चल सकेंगी. मौजूदा इलेक्ट्रिक बसों की रेंज करीब 115 किलोमीटर है. नई बसों की ज्यादा रेंज से लंबी दूरी और ग्रामीण क्षेत्रों के रूट पर भी इनका संचालन आसान होगा.
कड़सड़ा और वीरपट्टी में बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
बसों के संचालन, चार्जिंग और रखरखाव के लिए कड़सड़ा और वीरपट्टी में पांच-पांच एकड़ जमीन नगर विकास विभाग को हस्तांतरित की जा चुकी है. यहां चार्जिंग स्टेशन और वर्कशॉप विकसित किए जाएंगे. इसके अलावा आपातकालीन चार्जिंग की सुविधा सारनाथ, परेड कोठी और मड़वा में भी उपलब्ध रहेगी.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में बन रहा नया एक्सप्रेसवे, दिल्ली से अजमेर 5 घंटे में! जयपुर-भरतपुर समेत इन शहरों को मिलेगा फायदा
CCTV, GPS और पैनिक बटन से लैस होंगी बसें
सभी नई बसें वातानुकूलित होंगी और यात्रियों की सुरक्षा के लिए इनमें पैनिक बटन, CCTV कैमरे और GPS जैसी सुविधाएं मौजूद रहेंगी. 250 इलेक्ट्रिक बसों के प्रस्ताव को कैबिनेट से मंजूरी मिल चुकी है और अब नियमानुसार आगे की प्रक्रिया जारी है. नई बसों के संचालन से वाराणसी में सार्वजनिक परिवहन का दायरा बढ़ेगा. शहर से गांव तक कनेक्टिविटी मजबूत होने के साथ यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलने और निजी वाहनों पर निर्भरता कम होने की उम्मीद है.


