Assam News: असम के धुबरी जिले के छपार में अडानी पावर लिमिटेड के 3,200 मेगावाट के अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट की नींव रखी गई है. मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने रविवार को इस मेगा प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया. बता दें कि करीब 48,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस प्रोजेक्ट से निर्माण चरण में करीब 20,000 लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है, जबकि प्लांट शुरू होने के बाद करीब 5,000 रोजगार के अवसर पैदा होंगे.
इस कार्यक्रम में राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, स्थानीय समुदाय के सदस्यों के साथ अडानी ग्रुप के निदेशक जीत अडानी भी मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें- हरदोई में बदलेगी तस्वीर! गंगा एक्सप्रेसवे किनारे 327 एकड़ औद्योगिक कॉरिडोर में शुरू हुआ निवेश
चार यूनिट में बनेगा पावर प्लांट
छपार पावर प्लांट में 800-800 मेगावाट की चार यूनिट होंगी. इसमें अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. कंपनी के मुताबिक, प्लांट में हाई-एफिशिएंसी सिस्टम और आधुनिक पर्यावरण सुरक्षा उपायों को शामिल किया जाएगा. इसके चालू होने के बाद असम के घरेलू, व्यावसायिक और औद्योगिक क्षेत्रों के लिए बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी. प्रोजेक्ट को चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा और इसकी कमीशनिंग दिसंबर 2030 से शुरू होने की उम्मीद है.
असम में 63 हजार करोड़ का पावर निवेश
छपार प्लांट असम में अडानी ग्रुप के करीब 63,000 करोड़ रुपये के पावर निवेश का हिस्सा है. इसमें लगभग 48,000 करोड़ रुपये छपार थर्मल पावर प्लांट के लिए और करीब 15,000 करोड़ रुपये के दो Pumped Storage Plants (PSPs) के लिए प्रस्तावित हैं. इन दोनों PSPs की संयुक्त क्षमता 2,700 मेगावाट होगी.
अडानी ग्रुप की अन्य कंपनियां भी असम में ऊर्जा और बुनियादी ढांचे से जुड़े प्रोजेक्ट पर काम कर रही हैं. अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड राज्य में स्मार्ट मीटरिंग प्रोजेक्ट लागू कर रही है.
सीएम हिमंत ने बताया असम के लिए बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा कि असम तेजी से पूर्वोत्तर का ऊर्जा केंद्र बन रहा है. उन्होंने 3,200 MW के छपार प्रोजेक्ट को Advantage Assam Investor Summit 2.0 के दौरान पैदा हुए निवेश विश्वास का परिणाम बताया. मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट से रोजगार के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और राज्य को SGST राजस्व का भी लाभ मिलेगा. स्थानीय उद्योगों और कारोबारियों के लिए भी इस नए औद्योगिक इकोसिस्टम में भागीदारी के अवसर पैदा होंगे.
स्थानीय कारोबारियों को भी मिलेगा फायदा
प्रोजेक्ट से सिर्फ प्रत्यक्ष रोजगार ही नहीं, बल्कि स्थानीय कॉन्ट्रैक्टर, सप्लायर, ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर और सर्विस प्रोवाइडर को भी काम मिलने की संभावना है. इससे असम में अडानी ग्रुप के बढ़ते वेंडर नेटवर्क में स्थानीय कारोबारियों की भागीदारी बढ़ सकती है. अडानी ग्रुप के निदेशक जीत अडानी ने कहा कि 3,200 MW का यह प्रोजेक्ट असम के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है. उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य घरों, कारोबार और उद्योगों की जरूरतों के लिए भरोसेमंद और किफायती बिजली उपलब्ध कराने में योगदान देना है.
यह भी पढ़ें- यूपी के इस जिले में दौड़ेंगी 250 नई AC इलेक्ट्रिक बसें, शहर से गांव तक आसान होगा सफर
अक्टूबर 2025 में मिला था प्रोजेक्ट
अडानी पावर लिमिटेड अक्टूबर 2025 में प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए 3,200 MW पावर प्लांट स्थापित करने के लिए सफल बोलीदाता बनी थी. इसके बाद नवंबर 2025 में कंपनी को असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (APDCL) से Letter of Award मिला था. राज्य में अडानी ग्रुप का कुल निवेश विभिन्न क्षेत्रों में ₹80,000 करोड़ से अधिक होने की बात कही गई है. इनमें पावर, एविएशन और सीमेंट समेत कई क्षेत्र शामिल हैं.


