Dehradun News: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में कैंट पुलिस ने एक बड़े कैश तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए महाराष्ट्र नंबर की एक स्कॉर्पियो गाड़ी से 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद की है. हैरानी की बात यह रही कि रकम को छुपाने के लिए गाड़ी में बेहद शातिर तरीके से एक ‘सीक्रेट केबिन’ तैयार किया गया था. पुलिस ने मौके से गुजरात के तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि पूरे मामले की जांच अब आयकर विभाग कर रहा है.
चेकिंग के दौरान पुलिस के हत्थे चढ़ी संदिग्ध स्कॉर्पियो
जानकारी के मुताबिक 15 मई 2026 को कैंट थाना पुलिस राजेंद्र नगर कौलागढ़ क्षेत्र में सिरमौर मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी. इसी दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र नंबर की संदिग्ध स्कॉर्पियो एन (MH12XT 3245) को रोककर पूछताछ की. जब पुलिस ने वाहन के दस्तावेज मांगे तो चालक और गाड़ी में बैठे अन्य लोग संतोषजनक जवाब नहीं दे सके और लगातार टालमटोल करते रहे. इसी दौरान पुलिस को शक हुआ और वाहन की गहन तलाशी ली गई.
सीटों के बीच बनाया गया था ‘सीक्रेट केबिन’
तलाशी के दौरान पुलिस भी उस वक्त हैरान रह गई जब स्कॉर्पियो की बीच वाली और पिछली सीट के बीच एक विशेष गुप्त केबिन मिला. पूछताछ में चालक ने स्वीकार किया कि गाड़ी में भारी मात्रा में नकदी छुपाई गई है.
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों और आयकर विभाग को सूचना दी. अधिकारियों की मौजूदगी में जब सीक्रेट केबिन खोला गया तो उसमें से कुल 1 करोड़ 55 लाख रुपये की नकदी बरामद हुई. आरोपी इस रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके.
बनारस से गुजरात ले जाया जा रहा था कैश
प्रारंभिक पूछताछ में वाहन चालक ने बताया कि नकदी वाराणसी से लाई जा रही थी और इसे गाड़ी में मौजूद जसवंत नामक व्यक्ति को सौंपना था. पकड़े गए तीनों आरोपी गुजरात के रहने वाले बताए जा रहे हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश भाई (51 वर्ष), निवासी मेहसाणा, ठाकुर जसवंत संघ बनाजी, निवासी पाटन, सचिन पटेल, निवासी मेहसाणा के रूप में हुई है,
आयकर विभाग कर रहा पैसों के स्रोत की जांच
बरामद रकम को कब्जे में लेकर आयकर विभाग की टीम आरोपियों से पूछताछ कर रही है. विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि इतनी बड़ी नकदी कहां से लाई गई और इसे कहां पहुंचाया जाना था.
फिलहाल पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो गाड़ी को सीज कर दिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई आयकर विभाग द्वारा की जाएगी.
अब घरों में रखा सोना बनेगा देश की ताकत? PM मोदी की अपील के बाद Gold Industry ने दिया बड़ा सुझाव
इन अधिकारियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कैंट पुलिस और आयकर विभाग की संयुक्त टीम शामिल रही. प्रमुख अधिकारियों में क्षेत्राधिकारी नगर स्वप्निल मुयाल, कैंट प्रभारी निरीक्षक शंकर सिंह बिष्ट, चौकी प्रभारी बिंदाल विनयता चौहान, सहायक आयकर निदेशक पंकज खत्री, आयकर निरीक्षक शशांक पाल और कमलेश पंत शामिल रहे.
aa

