नई दिल्ली: भारत में हाई-स्पीड रेल नेटवर्क को लेकर सरकार एक बेहद महत्वाकांक्षी एक्शन प्लान पर काम कर रही है.
देश की पहली मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरिडोर अगले साल 15 अगस्त 2027 तक पूरा होने की उम्मीद है. इसी बीच, रेल मंत्रालय और नेशनल हाई स्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHSRCL) मिलकर देश की राजधानी दिल्ली को एक बड़े रैपिड रेल की तरह ‘बुलेट ट्रेन हब’ के रूप में विकसित करने का ब्लू प्रिंट तैयार कर रहे हैं.
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, सरकार की योजना भविष्य में दिल्ली से कई अहम बुलेट ट्रेन रूट्स निकालने की है. हालांकि ये प्रस्ताव अभी प्रारंभिक चरण में हैं, लेकिन इनसे देश के बड़े महानगरों के बीच का सफर घंटों से घटकर मिनटों में सिमट जाएगा.
आइए जानते हैं दिल्ली से शुरू होने वाले उन 4 बड़े बुलेट ट्रेन कॉरिडोर के बारे में, जो भविष्य में देश की रफ्तार बदलने जा रहे हैं.
1. दिल्ली-वाराणसी हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (865 किमी)
यह उत्तर भारत का सबसे अहम रूट माना जा रहा है, जिस पर प्री-कंस्ट्रक्शन प्रक्रिया चल रही है.
रूट
दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन से शुरू होकर नोएडा (सेक्टर 146), जेवर एयरपोर्ट, मथुरा, आगरा, इटावा, कन्नौज, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़, प्रयागराज और भदोही होते हुए वाराणसी (मंडुआडीह) तक जाएगी.
अयोध्या लिंक
इस रूट की सबसे खास बात यह है कि इसमें लखनऊ से एक 135 किमी लंबी अलग लिंक लाइन निकालने का प्रस्ताव है, जो सीधे राम नगरी अयोध्या को जोड़ेगी.
बता दें कि वर्तमान में दिल्ली से वाराणसी जाने में 11-12 घंटे का समय लगता है, जो बुलेट ट्रेन के आने के बाद मात्र 3 घंटे 50 मिनट रह जाएगा.
2. दिल्ली-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर (886 किमी)
यह कॉरिडोर दिल्ली को राजस्थान के प्रमुख शहरों से जोड़ते हुए गुजरात तक ले जाएगा, जो आगे चलकर मुंबई-अहमदाबाद ट्रैक से कनेक्ट हो सकेगा.
रूट
दिल्ली के द्वारका या सराय काले खां से शुरू होकर गुरुग्राम, रेवाड़ी, अलवर, जयपुर, अजमेर, भीलवाड़ा, उदयपुर और गुजरात के हिम्मतनगर होते हुए अहमदाबाद (साबरमती) तक जाने का प्रस्ताव है.
3. दिल्ली-अमृतसर-जम्मू कॉरिडोर (459 किमी अमृतसर तक)
पंजाब, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर को हाई-स्पीड कनेक्टिविटी देने के लिए इस नेटवर्क की योजना बनाई गई है.
नेशनल रेल प्लान के तहत भविष्य में इसे वैष्णो देवी (कटरा) तक विस्तार देने का प्रस्ताव है.
रूट
दिल्ली (द्वारका सेक्टर 21) से शुरू होकर हरियाणा के असौधा, रोहतक, जींद, कैथल से गुजरते हुए पंजाब के मोहाली-चंडीगढ़, लुधियाना, जालंधर और अमृतसर तक जाएगी.
भविष्य में इसे पठानकोट के रास्ते जम्मू तक ले जाया जाएगा.
4. दिल्ली-सिलिगुड़ी हाई-स्पीड कॉरिडोर
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा घोषित यह नया रूट दिल्ली, यूपी और बिहार को सीधे पूर्वोत्तर (North East) के प्रवेश द्वार यानी पश्चिम बंगाल के सिलिगुड़ी से जोड़ेगा.
रूट
यह कॉरिडोर दिल्ली से शुरू होकर लखनऊ, वाराणसी, पटना होते हुए न्यू जलपाईगुड़ी-सिलिगुड़ी तक जाएगा.
इसके लिए डिटेल्ड प्रोजेक्ट रिपोर्ट (DPR) और शुरुआती औपचारिकताएं पाइपलाइन में हैं.
सरकार की बड़ी योजना
सरकार ने बजट में प्राथमिकता के आधार पर कुल 7 नए हाई-स्पीड कॉरिडोर का ऐलान किया है.
नमो भारत और वंदे भारत की सफलता के बाद, दिल्ली को केंद्र में रखकर बनाया जा रहा यह बुलेट ट्रेन हब भारत के ट्रांसपोर्टेशन सिस्टम को एक नए युग में ले जाने के लिए तैयार है.


