Namo Yamuna River Safari: दिल्लीवासियों को अब यमुना नदी में क्रूज की सवारी करने के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मंगलवार को राजधानी के सोनिया विहार में ‘नमो यमुना रिवर सफारी’ का शुभारंभ किया. इस इको-फ्रेंडली पर्यटन पहल के तहत लोग सोनिया विहार से जगतपुर तक 6 किलोमीटर के राउंड ट्रिप क्रूज का आनंद ले सकेंगे. उद्घाटन कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, दिल्ली के कैबिनेट मंत्री कपिल मिश्रा और उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा भी मौजूद रहे. उद्घाटन के बाद सभी नेताओं ने यमुना में क्रूज की सवारी भी की.
यमुना में क्रूज के साथ लाइट एंड साउंड शो का मिलेगा अनुभव
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि नमो यमुना सफारी सिर्फ क्रूज या बोट राइड नहीं है, बल्कि मां यमुना के प्रति लोगों की आस्था, प्रेम और श्रद्धा का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि दिल्लीवासियों को अब राजधानी में ही ऐसा मनोरंजक अनुभव मिलेगा, जिसके लिए पहले दूसरे शहरों और नदियों तक जाना पड़ता था.
यहां लाइट एंड साउंड शो, मनोरंजक गतिविधियों और बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के लिए सुविधाएं विकसित की गई हैं. मुख्यमंत्री ने दिल्लीवासियों से परिवार और बच्चों के साथ आकर यमुना सफारी का आनंद लेने की अपील की.
1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं का किया जिक्र
मुख्यमंत्री ने दिल्ली में बुनियादी ढांचे के विकास का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के सहयोग से राजधानी में करीब 1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं को लागू किया गया है. इनमें फ्लाईओवर और नए एक्सप्रेसवे जैसे प्रोजेक्ट शामिल हैं, जिनका उद्देश्य दिल्ली में ट्रैफिक और जाम की समस्या कम करना है.
रेखा गुप्ता ने पिछले 21 महीनों में पर्यावरण संरक्षण के लिए किए गए प्रयासों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि सरकार विकास, पर्यावरण संरक्षण और सांस्कृतिक परंपराओं को साथ लेकर चलने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि इस साल छठ पूजा का आयोजन पहले से अधिक भव्य स्तर पर किया जाएगा.
सर्बानंद सोनोवाल बोले- जल जीवन का आधार
केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि जल सभी जीवों के जीवन का आधार है. धरती पर कोई भी प्राणी पानी के बिना जीवित नहीं रह सकता. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की अंतर्देशीय जलमार्गों की संभावनाओं को समझने और उनके विकास के लिए विशेष पहल की है.
सोनिया विहार में दिल्ली सरकार और स्थानीय लोगों के सहयोग से शुरू हुई यह परियोजना प्रधानमंत्री के इसी विजन का उदाहरण है. उनके मुताबिक, देश में जलमार्गों के विकास से पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है.
कपिल मिश्रा बोले- हर शाम होगा म्यूजिकल फाउंटेन शो
दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने बताया कि रिवर सफारी के साथ यहां एक बड़ा मनोरंजन क्षेत्र भी विकसित किया गया है. इसमें फूड जोन, किड्स जोन और एंटरटेनमेंट जोन शामिल हैं. हर शाम यहां म्यूजिकल फाउंटेन शो आयोजित किया जाएगा, जिसमें भगवान श्रीकृष्ण और यमुना नदी से जुड़ी कहानियों को संगीत के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि भविष्य में यहां और नावें जोड़ी जाएंगी और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां भी शुरू की जाएंगी. यह स्थान अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि यह सुविधा सोनिया विहार मेट्रो स्टेशन से पैदल दूरी पर है.
प्रवेश वर्मा ने यमुना की सफाई के लिए जनता से की अपील
दिल्ली के उपमुख्यमंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा कि पिछले 20 से 25 वर्षों में यमुना नदी की पहचान धीरे-धीरे खत्म होती गई और नदी की स्थिति एक बड़े खुले नाले जैसी हो गई. लोगों का नदी से सांस्कृतिक जुड़ाव भी कमजोर हुआ है.
उन्होंने दिल्लीवासियों से अपील की कि यमुना को साफ रखने में सरकार के साथ आम लोग भी अपनी जिम्मेदारी निभाएं. नदी में प्लास्टिक, पूजा सामग्री और अन्य कचरा न डालें। उन्होंने कहा कि नमो यमुना रिवर सफारी को ऐसा पर्यटन स्थल बनाया जाना चाहिए, जहां लोग मनोरंजन के साथ अपनी संस्कृति और नदी से जुड़ाव को भी फिर से महसूस कर सकें.
6 किलोमीटर का होगा सफर, आगे बढ़ेंगी सुविधाएं
- रूट: सोनिया विहार से जगतपुर और वापस
- दूरी: कुल 6 किलोमीटर का राउंड ट्रिप
- मनोरंजन: म्यूजिकल फाउंटेन और लाइट एंड साउंड शो
- परिवारों के लिए: फूड जोन, किड्स जोन और एंटरटेनमेंट जोन
- भविष्य की योजना: अतिरिक्त नावें और वाटर स्पोर्ट्स गतिविधियां
इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ यमुना नदी के प्रति लोगों की सांस्कृतिक और भावनात्मक जुड़ाव को फिर से मजबूत करना है.


