एम्स नई दिल्ली के डॉक्टरों ने चिकित्सा के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है. संस्थान की विशेषज्ञ टीम ने गर्भ में पल रहे 25 सप्ताह के शिशु की रीढ़ की हड्डी की गंभीर जन्मजात विकृति मायलोमेनिंगोसील की ओपन फिटल सर्जरी सफलतापूर्वक की है. 12 नवंबर को हुई इस जटिल सर्जरी को देश में अपनी तरह की पहली सर्जरी बताया गया है. करीब छह घंटे तक चले ऑपरेशन में 30 से अधिक डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों की टीम शामिल रही. खास बात यह है कि जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत परिवार को यह उपचार पूरी तरह निःशुल्क मिला.
क्या है मायलोमेनिंगोसील की समस्या?
मायलोमेनिंगोसील, स्पाइना बिफिडा का सबसे गंभीर रूप है. इस जन्मजात स्थिति में रीढ़ की हड्डी और उसे सुरक्षित रखने वाली झिल्लियां रीढ़ में मौजूद एक छेद से बाहर निकल आती हैं. इसके कारण बच्चे को जन्म के बाद लकवा, हाइड्रोसेफलस यानी मस्तिष्क में पानी भरने और जीवनभर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं का खतरा हो सकता है.
आमतौर पर इस विकृति का ऑपरेशन बच्चे के जन्म के बाद किया जाता है. लेकिन तब तक रीढ़ की हड्डी की नसों को नुकसान पहुंचने की आशंका रहती है. इसी चुनौती को देखते हुए एम्स के विशेषज्ञों ने गर्भ में ही सर्जरी करने का फैसला किया.
छह घंटे तक चला जटिल ऑपरेशन
एम्स में 12 नवंबर को की गई इस सर्जरी में गर्भस्थ शिशु की रीढ़ के निचले हिस्से में मौजूद दोष को ठीक किया गया. यह वही जगह थी, जहां से मस्तिष्क और रीढ़ की हड्डी को सुरक्षित रखने वाला द्रव बाहर निकल रहा था.
इस ऑपरेशन को सफल बनाने के लिए अलग-अलग विभागों के विशेषज्ञों ने मिलकर काम किया. न्यूरो सर्जरी, मातृ एवं भ्रूण चिकित्सा, प्रसूति एवं स्त्री रोग, एनेस्थीसिया, प्लास्टिक सर्जरी और नवजात शिशु चिकित्सा विभाग के डॉक्टरों और नर्सिंग कर्मियों की टीम इसमें शामिल रही.
सर्जरी के दौरान अत्याधुनिक माइक्रोस्कोपी और लगातार अल्ट्रासाउंड की मदद ली गई. करीब छह घंटे तक चली इस प्रक्रिया में 30 से अधिक विशेषज्ञ डॉक्टरों और स्वास्थ्यकर्मियों ने अपनी भूमिका निभाई.
गर्भ में सर्जरी से क्या हो सकता है फायदा?
विशेषज्ञों के मुताबिक, कुछ चुनिंदा मामलों में जन्म से पहले सर्जरी करने से शिशु की नसों को आगे होने वाले नुकसान से बचाने में मदद मिल सकती है. इसके अलावा हाइड्रोसेफलस का खतरा कम होने और बच्चे के न्यूरोलॉजिकल परिणामों में सुधार की संभावना रहती है.
हालांकि, गर्भ में की जाने वाली यह सर्जरी मायलोमेनिंगोसील का पूर्ण इलाज नहीं है. ऑपरेशन के बाद भी बच्चे को जन्म के समय और उसके बाद विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी और उपचार की जरूरत पड़ सकती है. इसलिए हर गर्भस्थ शिशु के लिए यह प्रक्रिया उपयुक्त नहीं होती. विशेषज्ञों ने स्पष्ट किया है कि ऐसी सर्जरी सावधानीपूर्वक चुने गए मामलों में ही विशेष सुविधाओं वाले केंद्रों पर की जानी चाहिए.
जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत मुफ्त हुआ इलाज
इस उपलब्धि की एक अहम बात यह भी है कि परिवार को इस जटिल सर्जरी का खर्च नहीं उठाना पड़ा. भारत सरकार की जननी शिशु सुरक्षा कार्यक्रम के तहत पूरा उपचार निःशुल्क उपलब्ध कराया गया.
एम्स की यह उपलब्धि उन परिवारों के लिए नई उम्मीद लेकर आई है, जिनके गर्भस्थ शिशु में रीढ़ की हड्डी से जुड़ी ऐसी गंभीर जन्मजात विकृति का पता चलता है. हालांकि, इसके लिए विशेषज्ञों की सलाह और मामले का सही मूल्यांकन जरूरी है.
गर्भावस्था से पहले फोलिक एसिड का सेवन क्यों जरूरी?
डॉक्टरों ने गर्भावस्था से पहले फोलिक एसिड के सेवन और फोलेट युक्त खाद्य पदार्थों को भी महत्वपूर्ण बताया है. उनके मुताबिक, जन्मजात न्यूरल ट्यूब दोषों की रोकथाम में इनकी अहम भूमिका होती है.
एम्स की यह सर्जरी भारतीय चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञता की बढ़ती क्षमता को दर्शाती है. इससे यह भी सामने आया है कि कुछ गंभीर जन्मजात समस्याओं में चुनिंदा मामलों के लिए जन्म से पहले उपचार की संभावनाएं विकसित हो रही हैं.
यह भी पढ़ें- छठ महापर्व का खरना आज, गुड़ की खीर और रोटी का लगेगा भोग, 36 घंटे का निर्जला व्रत होगा शुरू
यह भी पढ़ें- पटना साहिब रेलवे स्टेशन से जेपी गंगा पथ तक बनेगी सीधी कनेक्टिविटी, 52.54 करोड़ से तैयार हो रही लिंक रोड का CM सम्राट चौधरी ने किया निरीक्षण


