PM Modi Lucknow visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुंचेंगे. यहां वह इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे. कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ITI के मेधावी प्रशिक्षुओं को उनकी शैक्षणिक और व्यावसायिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित करेंगे. इन प्रशिक्षुओं को तकनीकी और व्यावसायिक कौशल हासिल करने में उनके प्रदर्शन, समर्पण और मेहनत के लिए सम्मान दिया जाएगा.
युवाओं को रोजगार के लिए तैयार करने पर जोर
कौशल दीक्षांत समारोह में कौशल विकास, व्यावसायिक शिक्षा और उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण के महत्व पर जोर दिया जाएगा. कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को ऐसे व्यावहारिक कौशल से लैस करना है, जिनकी मौजूदा रोजगार बाजार में मांग है.
प्रधानमंत्री का संबोधन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगा. इसके जरिए कौशल आधारित शिक्षा को बढ़ावा देने और युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण के लिए प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा. यह आयोजन देश के कौशल विकास तंत्र को मजबूत करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं की सौगात
इससे पहले शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक के बेंगलुरु में 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और लोकार्पण किया. उन्होंने कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी और विभिन्न सेवाओं को हरी झंडी भी दिखाई.
इस मौके पर पीएम मोदी ने कन्नड़ भाषा में लोगों का अभिवादन किया. उन्होंने बेंगलुरु की आराध्य देवी अन्नम्मा ताई और नाडप्रभु केम्पेगौड़ा को नमन करते हुए कहा कि आज का दिन बेंगलुरु और कर्नाटक के विकास को नई गति देने का है.
प्रधानमंत्री ने कहा कि मेट्रो और रेलवे से जुड़ी परियोजनाओं के साथ ऊर्जा सुरक्षा से जुड़े काम कर्नाटक के बुनियादी ढांचे को नई मजबूती देंगे. उन्होंने कहा कि बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी से विकास, रोजगार और उद्योगों के नए अवसर पैदा होते हैं. पीएम मोदी के मुताबिक, इन परियोजनाओं से विकसित कर्नाटक के जरिए विकसित भारत के निर्माण को गति मिलेगी और बेंगलुरु की टेक सिटी के रूप में पहचान और मजबूत होगी.
यह भी पढ़ें- गंगा एक्सप्रेसवे के लिए बिजनौर के 107 गांवों में होगा भूमि अधिग्रहण, यूपीडा ने जारी किए 2100 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें- बिहार के वैशाली से समस्तीपुर तक बनेगी नई रेल लाइन, 49 KM का रूट होगा तैयार, महुआ और ताजपुर के लोगों को मिलेगा फायदा


