बिहार में गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर 6 लेन ब्रिज को लेकर राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पटना के बाहरी इलाके में बने इस पुल का उद्घाटन किया. करीब 9.76 किलोमीटर लंबे इस ब्रिज को ‘नीतीश सेतु’ नाम दिया गया है. हालांकि, नामकरण और उद्घाटन को लेकर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं, जबकि बीजेपी और JDU ने इस फैसले का स्वागत किया है.
तेजस्वी यादव ने नामकरण पर उठाए सवाल
बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि इस पुल की आधारशिला 2015-16 में महागठबंधन सरकार के दौरान रखी गई थी. उस समय उनके पास PWD विभाग था. तेजस्वी के मुताबिक, उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय के नाम पर रखने का आग्रह किया था और नीतीश कुमार इस पर सहमत भी हो गए थे.
तेजस्वी ने यह भी दावा किया कि पुल का उद्घाटन करीब एक साल पांच महीने पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार कर चुके थे. उन्होंने सवाल उठाया कि जब पुल पहले से चालू है और लाखों वाहन इससे गुजर चुके हैं, तो दोबारा उद्घाटन की जरूरत क्यों पड़ी.
RJD सांसद मीसा भारती ने भी कहा कि पुल करीब डेढ़ साल पहले शुरू हो चुका था. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार को अब इसके नामकरण की याद आई है. मीसा ने यह भी कहा कि बिहार में फैक्ट्री या रोजगार से जुड़ी परियोजना शुरू होती तो ज्यादा खुशी होती.
गुरु गोविंद सिंह के नाम पर भी उठी बहस
तेजस्वी यादव ने कहा कि पुल का नाम स्वतंत्रता सेनानी अक्षयवट राय या सिखों के दसवें गुरु गुरु गोविंद सिंह के नाम पर रखने की बात थी. कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा ने भी इस मुद्दे पर सवाल उठाते हुए कहा कि गुरु गोविंद सिंह के नाम पर पुल रखने का फैसला हुआ था, लेकिन अब इसका नाम नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है.
बीजेपी और JDU ने किया समर्थन
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने तेजस्वी यादव पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों को इस बात से परेशानी है कि पुल उनके परिवार के नाम पर क्यों नहीं रखा गया.
JDU के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री ने मिलकर पुल का नाम रखा है. उन्होंने इसे आर्थिक गतिविधियों के लिए बड़ी उपलब्धि बताया. केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर और जीतन राम मांझी ने भी नामकरण का स्वागत किया.
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि केवल श्रेय लेने की होड़ में रहने वाले लोग काम के महत्व को नहीं समझ पाते.
जून 2025 में हुआ था पहले फेज का उद्घाटन
PTI और स्थानीय मीडिया की रिपोर्टों के मुताबिक, 23 जून 2025 को तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पुल के पहले फेज का उद्घाटन किया था. उस समय बताया गया था कि इससे महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा और उत्तर-दक्षिण बिहार के बीच संपर्क बेहतर बनेगा.
करीब 5,000 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से पटना और वैशाली के बीच आवागमन आसान हुआ है. राघोपुर के लोगों को भी सालभर सड़क संपर्क की सुविधा मिली है. हालांकि, अब इसका नामकरण और उद्घाटन बिहार की राजनीति में नई बहस का मुद्दा बन गया है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली की भाषाओं और संस्कृति को मिलेगी नई पहचान, रेखा गुप्ता सरकार ने 5 अकादमियों में 101 सदस्यों को दी जिम्मेदारी
यह भी पढ़ें- बिहार को 34,470 करोड़ की सौगात देंगे PM मोदी, नीतीश सेतु का करेंगे उद्घाटन, 100 इलेक्ट्रिक बसों को दिखाएंगे हरी झंडी


