Divyanka Tripathi Pregnancy News: पॉपुलर टीवी कपल दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया को लेकर इन दिनों एक बड़ी खुशखबरी चर्चा में है. खबरें हैं कि उनके घर जल्द ही नन्हे मेहमान की किलकारियां गूंजने वाली हैं. बताया जा रहा है कि दिव्यांका त्रिपाठी प्रेग्नेंट हैं और आने वाले दिनों में उनकी बेबी शावर सेरिमनी भी आयोजित की जा सकती है. हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक कपल की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. इसके बावजूद उनके परिवारों में खुशी का माहौल बताया जा रहा है और दोनों इस खास दौर को निजी तौर पर एंजॉय कर रहे हैं.
गौरतलब है कि दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया ने साल 2016 में शादी की थी. शादी के करीब 10 साल बाद अब वे अपने पहले बच्चे का स्वागत करने की तैयारी में हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, 41 साल की दिव्यांका इस नए फेज को लेकर बेहद उत्साहित हैं और अपने जीवन के इस बदलाव को खास तरीके से जी रही हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स, खासकर ETimes के हवाले से सामने आई जानकारी के अनुसार, कपल के परिवार वाले इस खबर से बेहद खुश हैं और उन्होंने बच्चे के स्वागत की तैयारियां भी शुरू कर दी हैं. हालांकि दिव्यांका और विवेक ने इस खुशी को फिलहाल निजी रखा हुआ है, लेकिन उनके करीबी लोग इस पल को परिवार के साथ सेलिब्रेट कर रहे हैं.
यह भी कहा जा रहा है कि जल्द ही दिव्यांका त्रिपाठी की बेबी शावर सेरिमनी रखी जाएगी, जिसमें परिवार के साथ-साथ उनके करीबी दोस्त और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े लोग शामिल हो सकते हैं. दिलचस्प बात यह है कि शादी के कुछ साल बाद से ही इस कपल को लेकर प्रेग्नेंसी की खबरें समय-समय पर सामने आती रही हैं.
साल 2020 में भी एक वीडियो के चलते ऐसी अटकलें तेज हो गई थीं, जिसमें विवेक दहिया एक्सरसाइज करते नजर आए थे और वीडियो में छोटे बच्चे के जूते दिखाई दिए थे. उस वक्त भी लोगों ने अनुमान लगाया था कि वे जल्द माता-पिता बनने वाले हैं, लेकिन बाद में कपल ने इन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया था. विवेक ने साफ कहा था कि जब भी ऐसी कोई खुशखबरी होगी, वे खुद फैंस के साथ साझा करेंगे.
इसी तरह 2018 में भी दिव्यांका त्रिपाठी की प्रेग्नेंसी को लेकर अफवाहें उड़ी थीं. तब एक्ट्रेस ने इन पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि उनकी चुप्पी को सहमति समझ लिया जाता है, जबकि कई बार उन्हें खुद नहीं पता होता कि ऐसी बातें कहां से शुरू होती हैं. उन्होंने लोगों से जिम्मेदारी दिखाने की अपील भी की थी.
जंगल के बीच बसेगा ज्ञान का संसार! यूपी में बनेगी भारत की पहली फॉरेस्ट यूनिवर्सिटी
वहीं, साल 2025 में भी दोनों ने अपने व्लॉग में इन अफवाहों पर प्रतिक्रिया दी थी और कहा था कि ऐसी बातों का जवाब समय ही देता है. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा था कि जब सही समय आएगा, तो यह बात किसी से छिपी नहीं रह पाएगी.


