राजस्व खुफिया निदेशालय (DRI) ने संगठित सोना तस्करी गिरोहों के खिलाफ देशभर में बड़ी कार्रवाई करते हुए 27 किलोग्राम से अधिक विदेशी मूल का तस्करी का सोना जब्त किया है. खुफिया सूचना के आधार पर चलाए गए इन अभियानों में 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है.
वित्त मंत्रालय के अनुसार, कार्रवाई के दौरान तस्करों द्वारा अपनाए जा रहे नए और अत्याधुनिक तरीकों का भी खुलासा हुआ. इनमें विमान के शौचालय, वाहनों और बर्तनों में बनाए गए गुप्त खानों तथा शरीर के अंदर सोना छिपाने जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा था.
मुंबई एयरपोर्ट पर विमान के शौचालय से मिला 12 किलो सोना
23 और 24 जुलाई 2026 को DRI अधिकारियों ने खुफिया सूचना के आधार पर अदीस अबाबा से मुंबई पहुंचे तीन यात्रियों को रोका.
विमान की विस्तृत तलाशी के दौरान पीछे के शौचालय की छत के पैनलों के अंदर छिपाकर रखी गई करीब 12 किलोग्राम वजन की छह विदेशी सोने की ईंटें बरामद की गईं.
जांच में सामने आया कि यात्रियों ने सोना बाद में एयरपोर्ट स्टाफ द्वारा निकालने की योजना के तहत वहां छिपाया था. सोना जब्त कर तीनों यात्रियों को गिरफ्तार कर लिया गया.
ब्रह्मपुत्र मेल में महिला यात्री के पास मिला 5 किलो सोना
23 जुलाई को उत्तर प्रदेश में DRI अधिकारियों ने ब्रह्मपुत्र मेल में यात्रा कर रही एक महिला यात्री को पकड़ा.
तलाशी के दौरान उसके कमरबंद और हैंडबैग से 42 विदेशी सोने की ईंटें, जिनका कुल वजन करीब 5 किलोग्राम था, बरामद की गईं.
पूछताछ में महिला ने स्वीकार किया कि सोना बांग्लादेश के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था. इसके बाद सोना जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
मुंबई में फिर सामने आया विमान के शौचालय का इस्तेमाल
22 और 23 जुलाई को मुंबई एयरपोर्ट पर एक अन्य कार्रवाई में DRI ने एक ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया जो मोम (Wax) के रूप में गोल्ड डस्ट को विमान के शौचालय में छिपाकर बाद में सफाई कर्मचारियों के जरिए बाहर निकलवाता था.
इस कार्रवाई में करीब 3.7 किलोग्राम गोल्ड डस्ट जब्त किया गया और पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया. इनमें कैरियर, सफाई कर्मचारी, हैंडलर और रिसीवर शामिल हैं.
कोलकाता रेलवे स्टेशन पर बर्तनों में छिपाकर लाई जा रही थी तस्करी
19 और 20 जुलाई को DRI अधिकारियों ने कोलकाता रेलवे स्टेशन पर एक यात्री को रोका.
तलाशी के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए बर्तनों के अंदर छिपाकर रखा गया करीब 4.6 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ.
जांच में पता चला कि यह सोना म्यांमार के रास्ते भारत में तस्करी कर लाया गया था. यात्री को गिरफ्तार कर लिया गया.
कोच्चि और गुवाहाटी में भी हुई कार्रवाई
सप्ताह के दौरान DRI ने दो अन्य अलग-अलग अभियानों में करीब 2 किलोग्राम विदेशी सोना भी जब्त किया.
- कोच्चि एयरपोर्ट पर दुबई से आए एक यात्री के शरीर के अंदर छिपाया गया सोना बरामद किया गया.
- गुवाहाटी में एक कार के विशेष रूप से बनाए गए गुप्त खांचे से सोने के बिस्कुट बरामद हुए.
इन दोनों मामलों में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया.
पश्चिम बंगाल में 7वें वेतन आयोग का गठन, कर्मचारियों को 8वें वेतन आयोग का भी मिल सकता है सरप्राइज
तस्करी के बदलते तरीकों पर DRI की नजर
वित्त मंत्रालय के अनुसार, हालिया कार्रवाई से स्पष्ट हुआ है कि संगठित तस्करी गिरोह लगातार नए तरीके अपना रहे हैं. DRI ने कहा कि खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऐसे नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी.
Source: Ministry Of Finance


