Ghaziabad Surya Murder Case: गाजियाबाद के चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है. 17 वर्षीय सूर्या की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सारिक मेवाती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी के साथ ही पुलिस ने साफ संकेत दिया है कि इस जघन्य वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा.
पुलिस के अनुसार सारिक मेवाती को इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया. वह अलीगढ़ का रहने वाला है और खोड़ा क्षेत्र में रहकर कंप्यूटर की दुकान पर काम करता था. पूछताछ में उसने हत्या की वारदात में अपनी भूमिका स्वीकार की है.
प्रयागराज में चार हत्याओं का खुलासा, बेटे ने रची साजिश, दोस्त ने पूरे परिवार के बाद उसे भी मार डाला
कैसे हुई थी सूर्या की हत्या?
28 मई 2026 को बकरीद के दिन खोड़ा के नवनीत विहार में 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला किया गया था. गंभीर रूप से घायल सूर्या को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन जिंदगी की जंग लड़ते हुए उसने अगले दिन दम तोड़ दिया. एक किशोर की दर्दनाक मौत से पूरे इलाके में गुस्सा और शोक की लहर दौड़ गई थी.
पुलिस के मुताबिक सारिक ने अपने साथियों असद, फरहान, आतिफ और असद के पिता नवाब के साथ मिलकर सूर्या पर हमला किया था. वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी रही.
हत्याकांड के बाद चला बड़ा अभियान
सूर्या की हत्या के बाद प्रशासन और पुलिस ने क्षेत्र में व्यापक कार्रवाई शुरू की. जांच के दौरान बिना अनुमति संचालित दो मदरसों को सील किया गया और संबंधित लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. वहीं मुख्य आरोपी असद के मकान पर भी नोटिस चस्पा किया गया और जमीन संबंधी मामलों की जांच शुरू हुई.
सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट और वीडियो साझा करने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई है. कई जिलों में ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सूर्या हत्याकांड: अब तक की पूरी टाइमलाइन
28 मई 2026 (बकरीद) – खोड़ा के नवनीत विहार में 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला.
29 मई 2026 – अस्पताल में इलाज के दौरान सूर्या की मौत.
30-31 मई की रात – मुख्य आरोपी असद पुलिस मुठभेड़ में मारा गया. नवाब, फरहान और आतिफ समेत कई आरोपियों की गिरफ्तारी.
जांच के दौरान – क्षेत्र में संचालित दो अवैध मदरसे सील, संबंधित लोगों पर मुकदमा दर्ज.
3 जून 2026 – 25 हजार रुपये का इनामी आरोपी सारिक मेवाती गिरफ्तार.
परिजनों की मांग- सभी दोषियों को मिले कड़ी सजा
सूर्या के परिजन अब भी अपने बेटे के लिए न्याय की मांग कर रहे हैं. उनका कहना है कि इस हत्याकांड में शामिल हर आरोपी को कानून के तहत सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए. वहीं पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहराई से जांच की जा रही है और दोषियों को कानून के अनुसार दंड दिलाने की प्रक्रिया जारी है.
एक मासूम किशोर की जान लेने वाली इस वारदात ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया. अब लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि अदालत में इस मामले का क्या परिणाम निकलता है और सूर्या के परिवार को कब न्याय मिलता है.


