Prayagraj News: प्रयागराज के साउथ मलाका इलाके में एक ही परिवार के चार सदस्यों की हत्या के मामले में पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के अनुसार, कारोबारी वीरेंद्र वैश्य, उनकी पत्नी अनीता, बेटी मीनाक्षी और बेटे अभिषेक की हत्या के पीछे संपत्ति विवाद की साजिश थी.
जांच में सामने आया कि बेटे अभिषेक ने अपने दोस्त सनी गुप्ता के साथ मिलकर पिता, मां और बहन की हत्या की योजना बनाई थी. आरोप है कि दोनों ने लोहे की रॉड से हमला कर तीनों की हत्या कर दी. हालांकि वारदात के बाद लूटे गए जेवरात को लेकर अभिषेक और सनी के बीच विवाद हो गया. इसके बाद सनी ने अभिषेक को भी मौत के घाट उतार दिया और घर में मौजूद लाखों रुपये के जेवरात लेकर फरार हो गया.
यह हत्याकांड तब सामने आया जब मकान से दुर्गंध आने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने घर के भीतर चारों शव बरामद किए, जिनके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे. मामले की जांच के दौरान पुलिस को कमरे की दीवार पर लिखा मिला कि बंटी-बबली और बहू ने मारा है, जिससे शुरुआती शक परिवार के करीबी लोगों पर गया.
पुलिस ने अभिषेक के मोबाइल फोन और कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच की, जिसमें सनी गुप्ता का नंबर सामने आया. हिरासत में लेकर पूछताछ करने पर सनी ने कथित तौर पर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है.
51 जख्म, सिगरेट से जलाने के निशान और डेढ़ साल के मासूम की मौत, केरल की घटना ने देश को झकझोर दिया
पुलिस के अनुसार, आरोपी के कब्जे से 1002.12 ग्राम सोना, 360.56 ग्राम चांदी और 1,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं. बरामद जेवरात की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है.पुलिस का कहना है कि पहले अभिषेक और सनी ने मिलकर परिवार के तीन सदस्यों की हत्या की और बाद में सनी ने अभिषेक को भी मार डाला. मामले के खुलासे में शामिल पुलिस टीम को पुलिस कमिश्नर ने 50 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है. फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.


