Gorakhpur wedding fight: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक शादी समारोह उस वक्त रणक्षेत्र में बदल गया, जब खाने के दौरान कपड़ों पर भोजन गिरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया. बारात में शामिल युवकों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि देखते ही देखते लाठी-डंडे, ईंट और पत्थर चलने लगे. इस हिंसा में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
शाहपुर थाना क्षेत्र के मैरिज हॉल में हुआ बवाल
घटना शाहपुर थाना क्षेत्र के मोहनापुर स्थित ताड़ीखाना इलाके में बने बाघेल विवाह भवन की बताई जा रही है. बीती रात यहां शादी समारोह चल रहा था और बराती भोजन कर रहे थे. इसी दौरान एक युवक के कपड़ों पर खाना गिर गया, जिसके बाद दो पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई.
आखिर क्या है आसिया फारूकी का ‘मैजिक फॉर्मूला’? जिससे बदहाल सरकारी स्कूल बन गया हाई-टेक स्मार्ट स्कूल
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मामूली विवाद अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए. आरोप है कि कुछ युवकों ने सुमित कुमार नामक युवक को घेर लिया और बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया. गंभीर चोट लगने के बाद वह जमीन पर गिर पड़ा. मारपीट में एक अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हो गया.
अस्पताल पहुंचने से पहले गई जान
सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस की शाहपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमित कुमार को इलाज के लिएबीआरडी मेडिकल कॉलेज के नेहरू अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की खबर मिलते ही शादी समारोह की खुशियां मातम में बदल गईं और परिजनों में चीख-पुकार मच गई.
तीन महीने पहले हुई थी शादी
बताया जा रहा है कि मृतक सुमित कुमार की महज तीन महीने पहले ही शादी हुई थी. उसकी मां रेलवे में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत हैं. बेटे की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.
कई लोग हिरासत में, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस ने मौके से आधा दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों के मुताबिक मैरिज हॉल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मारपीट में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है. तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
‘हमसे दो गलतियां हुईं… अब हम टारगेट पर हैं’, ममता से मुलाकात के बाद अखिलेश यादव का बड़ा बयान
मैरिज हॉल की कर्मचारी आशा सिंह ने बताया कि बारात में आए कुछ लोग नशे में थे और खाने के दौरान विवाद के बाद मारपीट शुरू हो गई. घटना के बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद कई लोगों को हिरासत में लिया गया. फिलहाल, खाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद एक युवक की जान ले चुका है. शादी की खुशियां मातम में बदल गई हैं और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.


