Greater Noida Crime News: ग्रेटर नोएडा में एक बंद कमरे से प्रेमी-प्रेमिका के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि मकान से जब कई घंटों तक बदबू आती रही, तो पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़ा,अंदर का मंजर दिल दहला देने वाला था. युवक गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30) का शव फंदे से लटका हुआ था, जबकि उसकी लिव-इन पार्टनर ज्योति का शव फर्श पर पड़ा मिला.
चाणक्य नीति के 10 नियम, जो बदल सकते हैं आपकी जिंदगी
क्या है पूरा मामला
घटना नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र के तुगलपुर इलाके की है. यहां गुड्डू पासवान उर्फ गोलू (30 वर्ष) अपनी लिव-इन पार्टनर ज्योति के साथ किराए के मकान में रह रहा था. देर शाम कमरे से दुर्गंध आने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची. कमरा अंदर से बंद था, जिसके बाद खिड़की की रेलिंग तोड़कर पुलिस अंदर गई. अंदर का दृश्य चौंकाने वाला था, गुड्डू का शव फंदे से लटका हुआ मिला, जबकि ज्योति का शव फर्श पर पड़ा हुआ था.
दोनों के बीच चल रहा था विवाद
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता था. गुड्डू बेरोजगार था, जबकि ज्योति एक निजी अस्पताल में हाउसकीपिंग का काम करती थी. हालांकि, वह पिछले 20 दिनों से काम पर नहीं जा रही थी. आर्थिक तंगी के कारण दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था. बताया जा रहा है कि दोनों मूल रूप से देवरिया के रहने वाले थे. गुड्डू ने करीब 8 महीने पहले कमरा किराए पर लिया था, जबकि ज्योति 5 महीने पहले उसके साथ रहने आई थी.
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
उत्तर प्रदेश पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया था. डीसीपी ग्रेटर नोएडा प्रवीन रंजन सिंह के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हत्या और आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्पष्ट होगी.
नोएडा मेट्रो में नौकरी का सुनहरा मौका, 2 लाख तक सैलरी, जानें कैसे करना होगा आवेदन?
परिवारों का अलग-अलग रुख
घटना की सूचना मिलने पर युवक के परिजन मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि उन्हें लड़की के बारे में कोई जानकारी नहीं थी. वहीं, पुलिस के अनुसार गुड्डू यहां खुद को शादीशुदा बताकर ज्योति को अपनी पत्नी बताता था. दूसरी ओर, लड़की के परिजनों को सूचना दी गई, लेकिन उन्होंने मौके पर आने से इनकार कर दिया. फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और मौत के असली कारणों का पता लगाने की कोशिश जारी है.


