गुरुग्राम: दिल्ली-जयपुर हाईवे यानी NH-48 पर रोजाना लगने वाले लंबे ट्रैफिक जाम से परेशान वाहन चालकों के लिए राहत की खबर है. भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने गुरुग्राम में हाईवे पर एक फ्लाईओवर और एक अंडरपास बनाने की सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है. परियोजना पूरी होने के बाद एंबियंस मॉल, शंकर चौक और डीएलएफ साइबर सिटी के आसपास ट्रै+फिक दबाव कम होने की उम्मीद है. हरियाणा सरकार इस परियोजना को पहले ही मंजूरी दे चुकी है. अब NHAI की सैद्धांतिक मंजूरी के बाद निर्माण का रास्ता साफ हो गया है. दोनों निर्माण कार्यों का खर्च DLF लिमिटेड उठाएगी.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में देश का पहला ‘तीर्थंकर वनम्’, 5 एकड़ में बने 24 ध्यान स्थल, जानें क्या है खास
कहां बनेगा फ्लाईओवर?
योजना के तहत एंबियंस मॉल से डीएलएफ साइबर सिटी तक दो लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इसका उद्देश्य हाईवे की सर्विस रोड पर आने वाले ट्रैफिक को ऊपर से निकालना है, ताकि मुख्य आवाजाही प्रभावित न हो. इस परियोजना की खास बात यह है कि फ्लाईओवर और अंडरपास बनने के बावजूद मौजूदा सर्विस रोड की चौड़ाई पर प्रतिकूल असर नहीं पड़ेगा.
मोल्सरी एवेन्यू रोड से बनेगा 3 लेन का अंडरपास
परियोजना के तहत मोल्सरी एवेन्यू रोड से दिल्ली की तरफ जाने वाले मार्ग को जोड़ते हुए तीन लेन का अंडरपास बनाया जाएगा. यह अंडरपास हाईवे के नीचे से होकर गुजरेगा. इससे दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सीधी और अपेक्षाकृत निर्बाध कनेक्टिविटी मिलेगी. वाहन चालकों को बार-बार रुकने और सर्विस रोड के भारी ट्रैफिक में फंसने से राहत मिलने की उम्मीद है.
रोजाना 3.63 लाख से ज्यादा वाहनों का दबाव
दिल्ली-जयपुर हाईवे पर वाहनों का दबाव लगातार बढ़ रहा है. हालिया सर्वे के मुताबिक, इस मार्ग से रोजाना करीब 3.63 लाख वाहनों की आवाजाही होती है. दिल्ली से करीब 1.71 लाख वाहन प्रतिदिन गुरुग्राम की सीमा में प्रवेश करते हैं. इनमें लगभग 92 हजार वाहन एंबियंस मॉल के पास सर्विस लेन की तरफ उतरते हैं. यही वजह है कि एंबियंस मॉल से शंकर चौक और साइबर सिटी तक अक्सर कई किलोमीटर लंबा जाम लग जाता है. इससे वाहन चालकों को समय के साथ-साथ अतिरिक्त ईंधन भी खर्च करना पड़ता है.
130 करोड़ रुपये की लागत, DLF उठाएगा पूरा खर्च
इस परियोजना की अनुमानित लागत करीब 130 करोड़ रुपये है. इसका पूरा वित्तीय भार DLF लिमिटेड उठाएगी. NHAI ने दिल्ली के महिपालपुर स्थित शिव मूर्ति से एंबियंस मॉल तक एक अलग एलिवेटेड रोड बनाने की भी योजना तैयार की है. भविष्य में इस एलिवेटेड रोड को प्रस्तावित फ्लाईओवर से जोड़ा जाएगा. इसके बाद दिल्ली से साइबर सिटी, उद्योग विहार और राजीव चौक की ओर जाने वाले वाहन चालकों को ज्यादा सुगम कनेक्टिविटी मिल सकेगी.
जल्द शुरू होगी निर्माण की तैयारी
फ्लाईओवर और अंडरपास के डिजाइन को राज्य सरकार और NHAI की ओर से मंजूरी मिल चुकी है. अब DLF जल्द ही बैरिकेडिंग का काम शुरू कर सकता है. परियोजना को दो से तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. निर्माण पूरा होने के बाद गुरुग्राम और दिल्ली के बीच रोजाना सफर करने वाले लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है. खासकर एंबियंस मॉल, शंकर चौक, साइबर सिटी और मोल्सरी एवेन्यू रोड के आसपास ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार हो सकता है.
यह भी पढ़ें- दिल्ली में महिलाओं की मुफ्त बस यात्रा के नियम बदले, अब पिंक टिकट नहीं चलेगा, ये कार्ड होगा जरूरी


