Lucknow Prabandh Nagar Yojana: राजधानी में आवास और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को लेकर लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) की बोर्ड बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए. इनमें 18 साल से लंबित आईआईएम रोड स्थित प्रबंध नगर योजना को आगे बढ़ाने का निर्णय सबसे अहम रहा. करीब 1,800 एकड़ में विकसित होने वाली इस मेगा आवासीय योजना के आकार लेने पर करीब दो लाख लोगों को घर और भूखंड उपलब्ध होने की उम्मीद है. मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता में हुई बैठक में नई आवासीय योजनाओं के साथ आधुनिक बस अड्डे, आईटीआई और अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर समेत कई प्रस्तावों को मंजूरी दी गई.
2008 से अटकी थी प्रबंध नगर योजना
LDA ने वर्ष 2008 में हरदोई-सीतापुर रोड और आईआईएम रोड के आसपास प्रबंध नगर योजना प्रस्तावित की थी. करीब 1,800 एकड़ में विकसित होने वाली इस योजना में जमीन अधिग्रहण, मुआवजे की दर और किसानों से जुड़े कानूनी व अदालती विवादों के कारण वर्षों से काम आगे नहीं बढ़ सका. अब योजना को धरातल पर लाने की प्रक्रिया तेज होगी. इसके लिए किसानों को मुआवजा देने के संबंध में समिति गठित की जाएगी. योजना को आगे बढ़ाने से पहले पर्यावरण न्यायालय की आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा और प्रभावित किसानों के मुआवजे को बाजार दर के हिसाब से संशोधित किया जाएगा.
आधुनिक आवासीय ब्लॉक और ग्रीन कॉरिडोर होंगे विकसित
प्रबंध नगर योजना आईआईएम रोड और हरदोई-सीतापुर बाईपास के आसपास घैला, अल्लू नगर और मुत्तकीपुर जैसे गांवों के करीब प्रस्तावित है. योजना में आधुनिक आवासीय ब्लॉक, व्यावसायिक क्षेत्र और हरित गलियारों के विकास का प्रस्ताव है. इसके पूरी तरह विकसित होने पर करीब दो लाख लोगों के लिए आवास की व्यवस्था हो सकती है.
नैमिष नगर और वरुण विहार में 4000 प्लॉट
राजधानी में आवास की बढ़ती मांग को देखते हुए LDA ने नैमिष नगर और वरुण विहार योजना के पहले चरण में करीब 4,000 प्लॉट के पंजीकरण का फैसला किया है. वरुण विहार में जमीन की दर 28,000 रुपये प्रति वर्गमीटर, जबकि नैमिष नगर में 32,000 रुपये प्रति वर्गमीटर तय की गई है. पंजीकरण प्रक्रिया जल्द शुरू होने की उम्मीद है. इन योजनाओं में सड़क, पार्क, सीवर और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी.
बसंत कुंज में बनेगा आधुनिक बस अड्डा
बसंत कुंज योजना के सेक्टर-बी में आधुनिक बस अड्डे के निर्माण के लिए यूपीएसआरटीसी को जमीन उपलब्ध कराई जाएगी. इससे राजधानी के दक्षिणी हिस्से की कनेक्टिविटी बेहतर होने और यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा MSME विभाग को सरदार पटेल औद्योगिक योजना के तहत 50 एकड़ जमीन आवंटित की गई है. यहां आईटीआई और अन्य तकनीकी प्रशिक्षण संस्थान विकसित किए जाएंगे, ताकि युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण मिल सके.
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे किनारे बसेगी वशिष्ठ पुरम योजना
LDA बोर्ड ने आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किनारे वशिष्ठ पुरम योजना को भी मंजूरी दी है. यहां आवासीय, व्यावसायिक और संस्थागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी. अधिकारियों का मानना है कि एक्सप्रेसवे से बेहतर कनेक्टिविटी के कारण इस क्षेत्र में निवेश और आवासीय मांग बढ़ सकती है. मोहान रोड समेत अन्य योजनाओं में लेआउट संशोधन के प्रस्ताव भी स्वीकृत किए गए हैं. इससे सड़क की चौड़ाई और सामुदायिक सुविधाओं को बेहतर किया जाएगा.
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 600 पुराने विशेषज्ञों को हटाया, नए विशेषज्ञों की टीम में शामिल किया
बीरबल साहनी मार्ग पर बनेगा डायग्नोस्टिक सेंटर
न्यू हैदराबाद स्थित बीरबल साहनी मार्ग पर अत्याधुनिक डायग्नोस्टिक सेंटर बनाने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है. यहां आधुनिक जांच सुविधाएं उपलब्ध होंगी, जिससे आसपास के लोगों को जांच के लिए दूसरे क्षेत्रों में जाने की जरूरत कम होगी. LDA के वीसी प्रथमेश कुमार के मुताबिक, प्राधिकरण का फोकस आवास, रोजगार सृजन और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर है. बोर्ड से स्वीकृत प्रस्तावों को अब शासन के पास भेजा जाएगा. शासन से अंतिम मंजूरी मिलने के बाद संबंधित योजनाओं पर काम शुरू किया जाएगा.


