Aligarh industrial township: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले को जल्द ही एक बड़ी औद्योगिक सौगात मिलने जा रही है. जेवर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास 3355 एकड़ में एक विशाल औद्योगिक टाउनशिप विकसित करने की योजना को मंजूरी मिल गई है. अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (एडीए) की 90वीं बोर्ड बैठक में इस महत्वाकांक्षी परियोजना का रोडमैप तैयार किया गया, जिसमें करीब 12,000 करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है.
1 अप्रैल से बिहार में बड़ा बदलाव! अब समय के हिसाब से आएगा बिजली बिल, कूड़ा भी अलग देना होगा
कितना होगा खर्च?
एडीए वीसी दीपाली भार्गव के अनुसार, यह इंडस्ट्रियल नगर जेवर एयरपोर्ट से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर स्थित होगा, जो इसे निवेश के लिहाज से बेहद खास बनाता है. परियोजना से लगभग 7,374 करोड़ रुपये की आय का अनुमान है, जबकि इसके विकास पर करीब 3,940 करोड़ रुपये खर्च होंगे. शुरुआती चरण में 100 करोड़ रुपये के बजट को भी मंजूरी दे दी गई है.
लोगों को मिलेगा रोजगार
इस योजना में दो बड़े एंकर निवेशकों ने पहले ही रुचि दिखाई है, जिससे 45,000 से अधिक प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होने की उम्मीद है. टाउनशिप के लिए ग्राम राजपुर, नरायणपुर और सोफा में जमीन ली जाएगी, जहां लैंड पुलिंग और आपसी सहमति से अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी.
ग्रेटर अलीगढ़ बनाने की दिशा में अहम कदम
अलीगढ़ के चारों ओर तेजी से विकसित हो रहे डिफेंस कॉरिडोर, पलवल एक्सप्रेसवे और डीएफसी खुर्जा जैसे प्रोजेक्ट्स के बीच यह योजना शहर को ‘ग्रेटर अलीगढ़’ बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है. इसके साथ ही, एडीए ने शहर के आंतरिक विकास के लिए भी 100 करोड़ रुपये के बजट को मंजूरी दी है. इस बजट के तहत रामघाट रोड से बौनेर को जोड़ने वाले ओजोन-सांगवान मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा, जिससे क्वार्सी चौराहे पर ट्रैफिक का दबाव कम होगा.
आज से सफर हुआ महंगा, दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर बढ़ा टोल, जेब पर पड़ेगा सीधा असर!
अलीगढ़ को मिलेगी वैश्विक पहचान
सोमवार को कमिश्नरी सभागार में कमिश्नर एवं एडीए अध्यक्ष संगीता सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, एडीए सचिव दीपाली भार्गव सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे. वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एडीए ने आय-व्यय का खाका भी पेश किया है, जो साफ संकेत देता है कि अब अलीगढ़ सिर्फ आवासीय योजनाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि एक बड़े इंडस्ट्रियल हब के रूप में अपनी पहचान बनाने की ओर बढ़ रहा है.


